Public Sootr

लहर खबरों की

Public Sootr

Writer News & Blogger

आज का राशिफल: 2 अक्टूबर को मेष से मीन तक कैसे बीतेगा दिन? जानिए विस्तार से

rashifal 1 1.jpg

मेष राशि- आज आपको ऑफिस में सीनियर्स का दबाव और घर में कलह को झेलना पड़ सकता है। जिसके कारण आपकी मानसिक शांति भंग हो सकती है। कोई रिश्तेदार आपसे आर्थिक मदद मांग सकता है लेकिन आपको लेनदेन में सतर्कता बरतनी चाहिए। जीवनसाथी का साथ मिलेगा। वृषभ राशि– आज आपको अपने काम से कुछ समय निकाल कर आराम करने की जरूरत है। धन का आगमन होगा और आर्थिक परेशानियों से राहत मिलेगी। परिवार में किसी जश्न के लिए योगदान करना पड़ सकता है। सामाजिक मान-सम्मान बढ़ेगा। जीवनसाथी के साथ अनबन हो सकती है। मिथुन राशि– आज आपको सामाजिक कार्यों के लिए तारीफ मिल सकती है। आप बिना किसी मदद या मदद के पैसा कमाने में सफल रहेंगे। गुस्से पर काबू रखें और वाद-विवाद से दूर रहें। कामकाज के कारण व्यस्तता हो सकती है। परिवार के साथ अचानक किसी ट्रिप पर जाने का प्लान बन सकता है। व्यापारिक स्थिति अच्छी रहेगी। कर्क राशि- आज आपको अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए और साहसिक गतिविधियों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। आज आप उन रिश्तेदारों को अपना पैसा उधार देने से बचें जिन्होंने अभी तक पिछली रकम नहीं लौटाई है। किसी प्रभावशाली व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है। आज आपके वैवाहिक जीवन में चीजें आपके कंट्रोल से बाहर हो सकती हैं। सिंह राशि- आज आपका मन प्रसन्न रहेगा। लिखने-पढ़ने से जुड़े कार्यों के लिए दिन अच्छा है। मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। नौकरी में बदलाव के योग बन रहे हैं, लेकिन विदेश जाने के अवसर भी मिल सकते हैं। आर्थिक रूप से स्थिति बेहतर होगी। जीवनसाथी का साथ मिलेगा। कन्या राशि- आज आपको धैर्य से काम लेना चाहिए। आर्थिक रूप से दिन उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है। कोई पुराना संपर्क आपके लिए कुछ परेशानियां खड़ी कर सकता है। आज अपने लवर की फीलिंग्स को समझें। जीवनसाथी आपकी तारीफ कर सकता है। व्यापार को आगे बढ़ाने के अच्छे अवसरों की प्राप्ति होगी। तुला राशि- आज आप दूसरों के साथ खुशियों के पल को शेयर करेंगे। मन प्रसन्न रहेगा। आर्थिक लाभ मिलने की पूरी संभावना है क्योंकि पहले दिया गया कोई पैसा तुरंत वापस आ जाएगा। किसी दोस्त की मदद से व्यक्तिगत परेशानी दूर हो सकती है। काम का तनाव अभी भी आपके दिमाग पर छाया हुआ है और परिवार के लिए समय नहीं निकल पा रहा है। वृश्चिक राशि- आज आपकी सेहत पहले से अच्छी होगी। कार्यस्थल पर आपको अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। यात्रा का योग है। चीजों को कंट्रोल में रखने के लिए हर किसी की परेशानी पर ध्यान दें। व्यापार करने वालों को नई पार्टनरशिप मिल सकती है। धन की स्थिति अच्छी होगी। धनु राशि– आज आपके जीवन में खुशियों का आगमन होगा, लेकिन धैर्यशीलता बनाए रखें। परिवार की सेहत का ध्यान रखें। नौकरी में कार्यक्षेत्र में बदलाव के साथ स्थान परिवर्तन हो सकता है। संतान का साथ मिलेगा। माता-पिता की मदद से धन लाभ के संकेत हैं। बिजनेस करने वालों को व्यापारिक यात्रा करनी पड़ सकती है। मकर राशि- आज नौकरी से जुड़े अच्छे अवसरों की प्राप्ति होगी। जिन लोगों का इंटरव्यू शेड्यूल है, उन्हें पॉजिटिव रिजल्ट मिल सकता है। मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। शासन सत्ता का सहयोग मिलेगा। वैवाहिक जीवन अच्छा रहेगा। धन संबंधी मामले आपके मन को परेशान कर सकते हैं। कुंभ राशि– आज अपने खान-पान में सावधानी बरतें। आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है। परिवार में कटु वचनों को कहने से बचें। प्रेमी-प्रेमिका की मुलाकात हो सकती है। आपके सहकर्मी किसी खास काम में आपकी मदद कर सकते हैं। आपके परिवार का कोई सदस्य आज आपके साथ कुछ समय बिताने की जिद कर सकता है। मीन राशि– आज दिन की शुरुआत योग या ध्यान से करें। भाई-बहनों की मदद से आज आपको धन लाभ होगा। अपने भाई-बहनों से सलाह लें। परिवार की स्थिति सामान्य नहीं रहेगी। अपना हुनर ​​दिखाने के मौके आज आपके पास रहेंगे। आपको एहसास होगा कि आपकी शादी इतनी खूबसूरत पहले कभी नहीं थी।

GST बचत उत्सव में राजस्थान के नागरिक और व्यापारी हुए लाभान्वित, भजनलाल शर्मा ने दी बड़ी सुविधा

gst1.jpg

जयपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में 22 सितंबर से 29 सितंबर तक जीएसटी बचत उत्सव मनाया गया। इस बचत उत्सव के दौरान प्रदेशभर में आमजन और व्यापारियों को जीएसटी रिफाॅम्र्स की जानकारी देते हुए इसके फायदों के बारे में अवगत करवाया गया। इस उत्सव के अंतर्गत आयोजित जीएसटी सुधार एवं दर युक्तिकरण जन जागरूकता अभियान में प्रदेशवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। मुख्यमंत्री, मंत्रीपरिषद् के सदस्यों ने आमजन को किया जगरूक मुख्यमंत्री शर्मा ने जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र और भीलवाड़ा के सदरबाजार में जाकर व्यापारियों और आमजन को जीएसटी सुधार के संबंध में जागरूक किया। बचत उत्सव के अंतर्गत प्रत्येक जिले में प्रभारी मंत्री, जनप्रतिनिधि, जिला कलेक्टर एवं वाणिज्यिक कर विभाग के संयुक्त तत्वाधान में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई, जिससे आमजन को जीएसटी सुधारों की जानकारी दी गई। व्यापार मंडल, डाॅक्टर, सीए-सीएस एवं अन्य प्रोफेशनल्स को शामिल कर इन्टरेक्टिव सेशन्स भी आयोजित किए गए, जिसमें उद्यमियों एवं आमजन को जीएसटी सुधारों से मिलने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया है। साथ ही, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर ‘सेविंग वाॅल’ भी लगाई गई, जिसमें सामान्य वस्तुओं पर पुराने एवं नये जीएसटी दरों का उल्लेख किया गया है। प्रचार-प्रसार के लिए विभाग द्वारा किए गए अनेक नवाचार वाणिज्यिक विभाग द्वारा जीएसटी सुधार से आमजन को हुई बचत की जानकारी देने के लिए मोबाइल ऐप भी बनाई है। साथ ही, दुकानदारों को डिजिटल/फिजिकल स्टिकर बांटे गए, जिसमें ‘जीएसटी 2.0 के फायदें लागू हैं’ का उल्लेख किया गया। इससे आमजन को उत्पादों में हुई रेशनलाइज्ड दरों की जानकारी दी गई। बचत उत्सव के दौरान एफएम और रेडियो चैनलों पर छोटे-छोटे जिंगल्स, ‘सफलता की कहानियों’ के कैम्पेन, सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार, विभागीय वेबसाइट पर जीएसटी सुधारों की जानकारी एवं आईटी विभाग के वीडियो वाॅल्स पर संबंधित एनिमेशन सहित विभिन्न नवाचार किए गए। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन से आमजन, किसान, व्यापारी एवं उद्योगपतियों सहित समाज के सभी वर्गों को जीएसटी दरों में कटौती का लाभ मिलना सुनिश्चित हुआ। रोटी, कपड़ा, मकान सहित जरूरत की चीजें हुई सस्ती प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से जीएसटी में सुधार की घोषणा की जो 22 सितंबर 2025 से प्रभावी हुई। जीएसटी रिफाॅम्र्स लागू होने के बाद अब देश में मुख्य रूप से जीएसटी की दो दरें 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत प्रभावी हो गई हैं। विलासिता से संबंधित वस्तुओं को ही 40 प्रतिशत टैक्स की श्रेणी में रख गया है। वहीं नई कर संरचना में कम्पन्सेशन सेस भी हटा दिया गया है। जीएसटी के नए प्रावधानों का सीधा प्रभाव आम आदमी पर हुआ है। अब जीवन की मूलभूत आवश्यकता रोटी, कपड़ा और मकान सस्ते हो गए हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र को भी नए जीएसटी प्रावधानों का लाभ मिला है। इन जानकारियों को आमजन तक पहुंचाने के क्रम में प्रदेश में 22 से 29 सितम्बर तक जीएसटी बचत उत्सव का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में जीएसटी लागू होने से लेकर अब तक जीएसटी करदाताओं की संख्या 66.5 लाख से बढ़कर 1.51 करोड़ हो गई है। वहीं, राजस्थान में भी जीएसटी करदाता 4.34 लाख से बढ़कर 9.31 लाख हो गए हैं। इसी प्रकार, राज्य के जीएसटी राजस्व में निरंतर वृद्धि दर्ज हुई है और वित्त वर्ष 2024-25 में यह 42 हजार 518 करोड़ हो गया है।

गाजियाबाद की सड़कों पर वायरल हुआ ‘आई लव योगी जी’ पोस्टर, सोशल मीडिया पर भी छाया

i love1.jpg

गाजियाबाद  उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बुधवार को 'आई लव योगी जी' नाम के पोस्टर लगाए गए। इस पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 'हिंदू हृदय सम्राट' बताया गया है। पोस्टर में आगे कहा गया है कि पूरे भारत ने 'योगी मॉडल' को बेमिसाल कर रखा है। पोस्टर में सीएम योगी को 'निर्भय' बताते हुए कहा गया है कि उनके अंदर ऐसा जिगर है कि वो किसी से भी डरते नहीं हैं। उन्होंने अपने सख्त फैसलों से विपक्षियों को बेहाल कर रखा है। यह पोस्टर गाजियाबाद के कई फ्लाइओवर पर लगाए गए। पोस्टर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा हिंदू सेना के महामंत्री गगन दीप शर्मा और जिला सह कोषाध्यक्ष अंकुश पंडित की भी तस्वीर लगी हुई है। पूरे इलाके में यह पोस्टर चर्चा में है।  बता दें कि अभी हाल ही में देश के कई राज्यों में 'आई लव मोहम्मद' की शुरुआत की गई है, जिसका किसी ने विरोध किया, तो किसी ने समर्थन। वहीं, 'आई लव मोहम्मद' के जवाब में 'आई लव महाकाल' और 'आई लव योगी जी' जैसे पोस्टर लगाए। 'आई लव मोहम्मद' अभियान की शुरुआत सितंबर में उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से हुई। यह ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर हुआ। 4 सितंबर को, रावतपुर क्षेत्र के सैयद नगर में जफर वाली गली के प्रवेश द्वार पर मुस्लिम समुदाय ने सड़क को सजाया। यहां एक लाइटबोर्ड लगाया गया, जिस पर अंग्रेजी में 'आई लव मोहम्मद' लिखा था। यह नारा पैगंबर के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करने का प्रतीक था, जो समुदाय के लिए सामान्य धार्मिक उत्सव का हिस्सा था। हालांकि, यह नारा जल्द ही विवाद का केंद्र बन गया। 9 सितंबर को, लल्लापुरा पुलिस थाने ने नौ नामित और 15 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। आरोप था कि उन्होंने सार्वजनिक सड़क पर बैनर लगाए, जो यातायात बाधित कर रहे थे। कानपुर में पोस्टर्स हटाए जाने की खबर फैलते ही, पूरे देश में अभियान ने जोर पकड़ा। लोग सोशल मीडिया पर प्रोफाइल फोटो बदलने लगे, स्टिकर्स लगाए और जुलूस निकाले। इत्तेहाद-ए-मिलात काउंसिल के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने भी इसे समर्थन दिया।

कैबिनेट का बड़ा कदम: 11,440 करोड़ रुपए से दाल उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल

daal1.jpg

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को 11,440 करोड़ रुपए के वित्तीय परिव्यय के साथ दालों में आत्मनिर्भरता मिशन को मंजूरी दे दी। घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने और दालों में आत्मनिर्भरता हासिल करने के उद्देश्य से इस ऐतिहासिक पहल को 2025-26 से 2030-31 तक छह वर्षों की अवधि में क्रियान्वित किया जाएगा। सरकार के आधिकारिक बयान के अनुसार, दलहन मिशन के तहत अगले 4 वर्षों के दौरान लगभग 2 करोड़ किसानों को बेहतर बीजों की आपूर्ति की जाएगी और कटाई के बाद फसल के प्रबंधन के लिए बुनियादी ढांचे तैयार किया जाएगा। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उत्पादकों से तुअर, उड़द और मसूर दालों की 100 प्रतिशत खरीद सुनिश्चित की जाएगी। भारत की फसल प्रणालियों और आहार में दालों का विशेष महत्व है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा दाल उत्पादक और उपभोक्ता देश है। बढ़ती आय और जीवन स्तर के साथ, दालों की खपत में भी वृद्धि हुई है। हालांकि, घरेलू उत्पादन मांग के अनुरूप नहीं रहा है, जिसके कारण दालों के आयात में 15-20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्नत किस्मों को व्यापक रूप से उपलब्ध कराने के लिए, दलहन उत्पादक किसानों को 126 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जाएंगे, जो 2030-31 तक 370 लाख हेक्टेयर क्षेत्र को कवर करेंगे। इस मिशन का उद्देश्य चावल की फसल केंद्रित भूमि और अन्य विविधीकरण योग्य भूमि को लक्षित करके दलहनों के क्षेत्रफल को 35 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाना है, जिसमें अंतर-फसलीय खेती और फसल विविधीकरण को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को 88 लाख बीज किट निःशुल्क वितरित की जाएंगी। इस मिशन से 2030-31 तक दलहनों का क्षेत्रफल 310 लाख हेक्टेयर तक बढ़ने, उत्पादन 350 लाख टन तक बढ़ने और उपज 1130 किलोग्राम/हेक्टेयर तक पहुचने की उम्मीद है। उत्पादकता में वृद्धि के साथ-साथ, इस मिशन से रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर भी पैदा होंगे।

पुतिन की भारत एंट्री तय! पीएम मोदी से शिखर वार्ता, ट्रंप की प्रतिक्रिया हो सकती है चौकाने वाली

putin2.jpg

नई दिल्ली  रूस से तेल आयात को लेकर अमेरिका से चल रहे तनाव के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द ही भारत आने वाले हैं। इस दौरे की तारीख सामने आ गई है। पुतिन का भारत दौरा 5-6 दिसंबर को हो सकता है। इस दौरान उनकी मुलाकात पीएम नरेंद्र मोदी से भी होगी। पुतिन के भारत दौरे से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मिर्ची लगना स्वाभाविक है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन के भारत शिखर सम्मेलन के लिए आने की उम्मीद है। भारत और रूस के बीच दशकों से संबंध अच्छे रहे हैं, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर रूसी तेल खरीदने को लेकर दिखाई गई सख्ती से मॉस्को और नई दिल्ली के बीच संबंध और बेहतर हो गए हैं। हाल ही में चीन के तियानजिन में भी पीएम मोदी, रूसी राष्ट्रपति और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात हुई थी। सामने आई तस्वीरों ने अमेरिका को हिलाकर रख दिया था और फिर ट्रंप ने भी दोबारा भारत से संबंध सुधारने की कोशिश की। दरअसल, ट्रंप पिछले कई सालों से चल रहे रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को रोकना चाहते हैं। वह दोनों देशों से कई बार अपील कर चुके हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली है। अब वे उन देशों पर प्रतिबंध लगा रहे हैं, जो रूस से तेल आयात करते हैं। भारत ने साफ किया है कि वह उन कदमों को उठाएगा, जो राष्ट्र हित में हैं। ऐसे में रूस से तेल आयात भारत ने जारी रखा है। इसी वजह से ट्रंप ने पहले भारत पर 25 फीसदी का टैरिफ लगाया, लेकिन बाद में तेल खरीदने की वजह से 25 फीसदी और टैरिफ लगा दिया। इससे अमेरिका और भारत के बीच संबंधों में और दरार आ गई। पुतिन के इस दौरे के बारे में सबसे पहले ऐलान एनएसए अजीत डोभाल के मॉस्को यात्रा के दौरा किया गया था। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा में भी रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने पुतिन के भारत दौरे की जानकारी दी थी। भारत भी रूस और यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के पक्ष में है। पीएम मोदी और पुतिन की बातचीत के दौरान भी कई बार युद्ध खत्म करने की अपील की गई है। चीन में एससीओ समिट के इतर भी पुतिन और पीएम मोदी की बातचीत हुई थी। इस दौरान पीएम मोदी ने यूक्रेन में संघर्ष को सुलझाने के लिए रूस के प्रयासों का स्वागत किया था। उन्होंने रूस और भारत के बीच घनिष्ठ संबंधों की सराहना की और कहा कि द्विपक्षीय सहयोग वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।  

असत्य पर सत्य की विजय का पर्व है विजयादशमी : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

shukl.jpg

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी (दशहरा), महात्मा गांधी जयंती और भारत रत्न श्री लालबहादुर शास्त्री जी की जयंती पर हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें जीवन में नैतिकता, सदाचार और सत्यनिष्ठा को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सुख-समृद्धि लेकर आए। गांधी जी का सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश आज भी कर रहा है पथ-प्रदर्शन उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि गांधी जी का सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश आज भी समाज का पथ-प्रदर्शन कर रहा है। स्वच्छता, ग्रामोदय और आत्मनिर्भरता के उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण का सूत्र उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लालबहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देश को आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करता है। उनका सादा जीवन और उच्च विचार हम सबके लिए अनुकरणीय हैं।  

स्वच्छता को संस्थागत रूप देने और लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिये 2 अक्टूबर से विशेष अभियान

swa.jpg

विभाग लोक सेवा प्रबंधन को बनाया गया अभियान का नोडल भोपाल  प्रदेश में सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत रूप देने और शासकीय कार्यालयों में लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिये 2 अक्टूबर गांधी जंयती से 31 अक्टूबर 2025 तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने समस्त अपर मुख्य सचिव, विभागाध्यक्ष, संभाग आयुक्त, कलेक्टर और समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को पत्र जारी कर निर्देश दिये हैं। केन्द्र सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग ने 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक स्पेशल कैम्पेन 5.0 चलाने का निर्णय लिया है। सेवा भाव और जवाबदेही को सुदृढ़ करना इस अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में लंबित प्रकरणों, फाइलों और अपीलों का त्वरित और पारदर्शी निपटारा, कार्यालयों में स्वच्छता, कचरे का निस्तारण तथा ई-कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देना है। विशेष अभियान के माध्यम से अधिकारी-कर्मचारियों में सेवा भाव तथा जवाबदेही को सुदृढ़ करना है, जिससे योजनाओं और सेवाओं की सुगम और पारदर्शी प्रक्रिया से सरकारी योजनाओं से लाभान्वितों की संख्या में वृद्धि की जा सके। अभियान में स्वच्छता और ई-कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण से स्वच्छ व हरित शासन व्यवस्था स्थापित होगी। इस अभियान में विभागों, अधीनस्थ कार्यालयों, स्वायत्त निकायों, निगम मंडल और आयोग को शामिल किया गया है। कार्यवाही के बिंदु विशेष अभियान में सभी सरकारी कार्यालयों में सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण, कार्यालय परिसरों की सफाई और अनावश्यक वस्तुओं का निस्तारण, शासन निर्देशों के तहत पुराने रिकार्ड का डिजिटलीकरण और विनिष्टिकरण, लंबित विधानसभा प्रश्न, आश्वासन, शून्य काल, लोक लेखा समिति प्रकरणों, मुख्यमंत्री मॉनिट, मुख्य सचिव मॉनिट के निराकरण में तेजी लाये जाने के लिये भी कहा गया है। सरकारी कार्यालयों में ई-कचरे को अधिकृत एजेंसी मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम के माध्यम से निस्तारित किया जाएगा। सरकारी कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यस्थल को साफ और व्यवस्थित रखें, इसकी जिम्मेदारी सुनिश्चित की जायेगी। शासकीय कार्यालयों में जनसुविधा में सुधार, वेटिंग एरिया में स्वच्छ वातावरण, पीने के पानी की सुविधा एवं इससे जुड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जायेगा। लंबित प्रकरणों के लिये विशेष प्रयास निर्देशों में कहा गया है कि केन्द्र सरकार स्तर पर लंबित महत्वपूर्ण प्रकरणों के निराकरण के लिये विशेष प्रयास किये जायें। इसी के साथ राजस्व प्रकरणों, यातायात व सड़क सुरक्षा, सायबर अपराध के संबंधित जागरूकता बढ़ाने और सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव को बताने के लिये बच्चों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाये। विशेष अभियान का मूल्यांकन एक नवम्बर 2025 को किया जायेगा। अभियान की मॉनिटरिंग के लिये लोक सेवा प्रबंधन विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। इस अभियान में जिन कार्यालयों में उत्कृष्ट कार्य हो, उन्हें प्रशस्ति-पत्र भी दिये जायेंगे। 

सामाजिक न्याय मंत्री कुशवाहा ने वृद्धजन का किया सम्मान

kushwah.jpg

भोपाल सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने बुधवार को ग्वालियर के जैन छात्रावास के श्री वीर सभागार में वरिष्ठ नागरिक सेवा संस्थान ग्वालियर द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समारोह कार्यक्रम में सहभागिता की। मंत्री श्री कुशवाहा ने कार्यक्रम को संबोधित किया एवं 26 वरिष्ठजन को शील्ड देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्थापक श्री भूपेन्द्र जैन, अध्यक्ष श्री एस.के. गुप्ता, श्री रितेश गुप्ता, सहित सम्मानित सभी वरिष्ठजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।  

लाहरपुर दशहरा मैदान में होगा नशासुर का पुतला दहन

putla.jpg

भोपाल  प्रदेश में चलाये जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर गांधी जयंती एवं विजयदशमी त्यौहार के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग द्वारा 'नशासुर' का पुतला दहन शाम 7 बजे किया जायेगा। पुतला दहन लाहरपुर दशहरा मैदान बाग मुंगालिया एक्सटेंशन नर्मदापुरम रोड में होगा। 'नशासुर' पुतला दहन कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में नशे के प्रति जागरूकता लाना और नशा एक सामाजिक बुराई है, इसका संदेश देना है।  

अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस: प्रदेश के शहरी और ग्रामीण अंचलों में वरिष्ठजन सम्मान समारोह का आयोजन

samman1.jpg

भोपाल  अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर प्रदेश के शहरी और ग्रामीण अंचलों में वरिष्ठजन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन में शासकीय और अशासकीय संस्थाओं, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान शॉल, श्रीफल, स्मृति चिंह भेंट कर किया गया। एक सौ वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बुजुर्गों का विशेष रूप से "शतायु सम्मान" से सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में इंदौर महानगर और ग्रामीण क्षेत्रों में सम्मान समारोह आयोजित किए गये। इंदौर शहर में कल्याण मित्र समिति इंदौर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री शंकर लालवानी ने 140 बुजुर्ग को शॉल-श्रीफल से सम्मानित किया, ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत कलारिया में श्री जगन चौधरी, ग्राम पंचायत पिवडाय में श्री कन्हैया लाल तोमर, ग्राम पंचायत माचला में श्रीमती अयोद्धया बाई, नगर निगम इंदौर क्षेत्र में श्रीमती चन्दु जैन को जिला प्रशासन के दल ने घर-घर जाकर सम्मानित किया। निवाड़ी जिला मुख्यालय कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड ने श्री रामराजा वृद्धाश्रम पहुँच कर वरिष्ठजन का सम्मान किया। उन्होंने आश्रम में रहने वाले वृद्धजन से वहाँ की व्यवास्थाओं, स्वास्थ्य और अन्य विषय पर चर्चा की। रायसेन जिला मुख्यालय पर विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री प्रभुराम चौधरी, कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा ने महात्मा गांधी वृद्धाश्रम में वरिष्ठजन का सम्मान किया। उन्होंने वृद्धजनों के साथ भोजन भी किया। देवास जिले में बुजुर्गों के लिये नीबू रेस, कैरम और शतरंज प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई। कार्यक्रम में 101 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर श्रीमती सौरभ बाई को भी विभागीय अधिकारियों द्वारा शॉल श्रीफल से सम्मानित किया गया। बड़वानी जिले में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंत पटेल की अगवाई में अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन किया गया। अशोकनगर जिले में जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज मनोरिया और अपर कलेक्टर श्री देवकीनंदन की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में 100 वर्ष से अधिक आयु पूर्ण कर चुकी 3 महिलाओं को शातायु सम्मान के रूप में एक हजार रूपये की नगद राशि शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।