Public Sootr

लहर खबरों की

Public Sootr

Writer News & Blogger

ऐक्शन से भरी सुबह: बरेली में 3 बुलडोजरों ने गिराया नफीस खां का रजा पैलेस

बरेली  बरेली में 26 सितंबर को जुमा नमाज के बाद हुए बवाल के आरोपियों के खिलाफ ऐक्शन पर ऐक्शन हो रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम उपद्रवियों और उनके करीबियों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। शनिवार को जखीरा स्थित रज़ा पैलेस पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। यह इमारत आईएमसी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नफीस खां और उनके पार्टनर शोहेब बेग की बताई जा रही है। कार्रवाई से पहले बिजली कनेक्शन काट दिए गए। उसके बाद प्रशासन, पुलिस और बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की टीम तीन बुलडोज़रों के साथ मौके पर पहुंची और अवैध हिस्से को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है। प्रशासन का कहना है कि उपद्रवियों की अवैध संपत्तियों पर यह अभियान जारी रहेगा। मुख्य आरोपी पहले ही जेल में बरेली बवाल के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा, आईएमसी महासचिव डॉ. नफीस खां और नदीम खान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि वह उपद्रवियों और हिंसा के साजिशकर्ताओं की अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों को निशाना बनाएगा। तौकीर को शरण देने वाले फरहत का मकान सील बरेली में बवाल के दौरान तौकीर रजा खां को शरण देने के आरोप में चर्चा में आए फरहत खां के फाइक इंक्लेव स्थित मकान पर शनिवार को कार्रवाई की गई। बीडीए ने गुरुवार तक का समय देते हुए फरहत खां को मकान खाली करने का नोटिस दिया था। शनिवार को जिला प्रशासन और बीडीए की टीम फरहत के घर पहुंची। मकान खाली पड़ा हुआ था। टीम ने मुख्य गेट पर ताला को तोड़कर अपना ताला लगा दिया। इसके बाद सीलिंग की कार्रवाई पूर्ण की गई। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शनिवार को हुई बुलडोजर कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस फोर्स, पीएसी (PAC) और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) तैनात रही। ताकि किसी भी तरह की अशांति को रोका जा सके। रजा पैलेस को अवैध निर्माण मानते हुए जिला प्रशासन और बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने यह ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, रजा पैलेस को अवैध रूप से वक्फ की संपत्ति पर या सरकारी जमीन पर कब्ज़ा करके बनाया गया था। डॉ. नफीस खां पहले ही बवाल के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा के साथ जेल भेजे जा चुके हैं। उपद्रवियों पर सख्त संदेश डॉ. नफीस की गिरफ्तारी के बाद अब उनके व्यापारिक पार्टनर शोएब बेग की संपत्ति पर यह कार्रवाई हुई है। इस बुलडोजर कार्रवाई को उपद्रवियों और हिंसा के साजिशकर्ताओं को एक कड़ा संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है कि अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इससे पहले भी प्रशासन तौकीर रजा के अन्य करीबियों और उनके रिश्तेदारों के अवैध कब्ज़ों को हटा चुका है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि वह इस मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई होगी।  

हास्य योग केंद्र का रजत जयंती उत्सव: ‘हंसते-हंसते स्वस्थ भारत’ में मुख्य अतिथि होंगी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली हास्य योग केंद्र (भारत) वर्ष 2025 में अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है और इस उपलक्ष्य में संस्था ने वर्षभर चलने वाले रजत जयंती समारोहों की घोषणा की है। संस्था इस अवसर को ‘हंसते-हंसते स्वस्थ भारत का उत्सव’ के रूप में मना रही है। देशभर में आयोजित किए जा रहे विविध कार्यक्रमों के माध्यम से हास्य योग के माध्यम से तनावमुक्त जीवनशैली और सकारात्मक सोच का संदेश दिया जा रहा है। राजधानी दिल्ली में 4 से 6 अक्टूबर तक रजत जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर मुख्य कार्यक्रम 4 अक्टूबर को आईटीओ स्थित प्यारेलाल भवन में आयोजित किया जाएगा, जहां हास्य योग गुरु जितेन कोही के सान्निध्य में विशेष सत्र रखा गया है। समारोह की प्रमुख आकर्षण मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता होंगी, जिन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। संस्था द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रजत जयंती वर्ष के तहत देशभर के विद्यालयों, कारागारों, वृद्धाश्रमों, सामाजिक संगठनों तथा कॉर्पोरेट प्रतिष्ठानों में विशेष हास्य योग सत्र और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रायपुर, इलाहाबाद, अहमदाबाद, पुणे, नैनीताल, रांची, कानपुर, बनारस, पिलखुवा और दिल्ली सहित अनेक शहरों में दो दिवसीय हास्य योग शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है। दिल्ली में 5 अक्टूबर की सुबह 6 से 8 बजे तक रोहिणी स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क में विशाल हास्य योग शिविर आयोजित होगा, जिसमें सैकड़ों प्रतिभागी भाग लेंगे। इसके साथ ही 5 से 7 अक्टूबर तक राजधानी के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला भी चलेगी। संस्था के संस्थापक जितेन कोही ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जीवनशैली में हंसी एक प्राकृतिक औषधि का कार्य करती है। ‘हास्य योग’ योग की एक अनूठी विधा है, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। संस्था का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि नियमित हास्य योग अभ्यास से जीवन में ऊर्जा, सकारात्मकता और आत्मसंतोष बढ़ता है। गौरतलब है कि हास्य योग आंदोलन की शुरुआत दिल्ली के एक पार्क से हुई थी, जो आज देश के 19 से अधिक राज्यों और कई विदेशी देशों तक फैल चुका है। वर्तमान में देशभर में 400 से अधिक निःशुल्क हास्य योग कक्षाएं प्रतिदिन संचालित की जा रही हैं, जिनसे हजारों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। संस्था का कहना है कि रजत जयंती वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि यह समाज में खुशहाली, एकता और स्वास्थ्य के प्रति जनचेतना जगाने का अभियान भी है — ताकि भारत को ‘हंसते-हंसते स्वस्थ राष्ट्र’ के रूप में स्थापित किया जा सके।  

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय, यूपी में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि का खतरा

लखनऊ  देशभर से मॉनसून की वापसी भले ही हो गई हो, लेकिन अब भी विभिन्न वजहों से भारी बारिश जारी है। उत्तर भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आने वाला है, जिसकी वजह से यूपी समेत कई राज्यों में तीन दिनों तक भारी बारिश होगी। इसके अलावा, यूपी, दिल्ली आदि में ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं, उत्तर बिहार में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही, आज चार अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश होने जा रही है। वहीं, एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पांच से सात अक्टूबर के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में भारी बारिश और ओलावृष्टि लाने वाला है। पूर्वी भारत की बात करें तो चार अक्टूबर को उत्तरी बिहार में अत्यधिक भारी बारिश व अलग-अलग स्थानों पर असाधारण रूप से भारी बारिश की संभावना है। पांच अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होगी। इसके अलावा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। झारखंड में चार और पांच अक्टूबर को बिहार में छह अक्टूबर को अधिकांश जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट है। उत्तर पूर्वी भारत की बात करें तो चार, पांच और सात से नौ अक्टूबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश, चार और पांच, आठ और नौ अक्टूबर के दौरान असम, मेघालय, 7-10 के दौरान नगालैंड, 8-9 को मणिपुर, 8 अक्टूबर को मिजोरम में भारी बारिश होगी। दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु में चार और पांच अक्टूबर को, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में चार अक्टूबर को, केरल, माहे में पांच और छह अक्टूबर को अलग अलग जगहों पर भारी बारिश होगी। अगले पांच दिनों तक तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में तेज सतही हवाओं की संभावना है। कर्नाटक में चार और पांच अक्टूबर को, तेलंगाना में चार से आठ अक्टूबर तक तूफान के साथ तेज हवाओं की संभावना है। यूपी समेत इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट उत्तर पश्चिमी भारत की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में चार अक्टूबर को अलग अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, उत्तर पश्चिम भारत में चार अक्टूबर को अलग-अलग बारिश के बाद पांच से सात अक्टूबर तक तूफान और बिजली के साथ व्यापाक बारिश की संभावना है उत्तराखंड में छह और सात अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होगी। जम्मू कश्मीर, लद्दाख और पश्चिमी राजस्थान में पांच और छह अक्टूबर को, हिमाचल प्रदेश, पंजाब में पांच से सात अक्टूबर तक, पूर्वी राजस्थान और हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में छह और सात अक्टूबर को, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छह अक्टूबर को अलग अलग जगहों पर भारी बारिश होगी। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में छह अक्टूबर को बहुत भारी बारिश होगी। हिमाचल प्रदेश और पंजाब में पांच और छह अक्टूबर को, हरियाणा, चंडीढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान में छह अक्टूबर को अलग अलग जगहों पर ओलावृष्टि होगी। वहीं, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में पांच से सात अक्टूबर तक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में चार अक्टूबर को तूफान के साथ तेज हवाओं के चलने की संभावना है।  

हनुमान चालीसा विवाद: वाराणसी में पुजारी को धमकी, पुलिस ने दो आरोपी किए काबू

वाराणसी उत्तर प्रदेश के वाराणसी के मदनपुरा इलाके में लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाने पर एक मंदिर के पुजारी को धमकाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुजारी संजय प्रजापति ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को हनुमान मंदिर में पूजा करने के बाद, उन्होंने टेप रिकॉर्डर पर भक्ति गीत चलाए, तभी अब्दुल नासिर और उसका बेटा वहां आए और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने लाउडस्पीकर बंद करने को कहा और चेतावनी दी कि अगर दोबारा भक्ति गीत बजाया गया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसके बाद, कई लोग पुजारी को घेरकर धमकाने लगे, जिसके बाद पुजारी ने पुलिस को शिकायत दी। काशी ज़ोन के पुलिस उपायुक्त गौरव बंसल ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों आरोपियों को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया गया।  

जडेजा की धमाकेदार पारी: द्रविड़ के रिकॉर्ड की बराबरी और सचिन तेंदुलकर पर बड़ी चुनौती

अहमदाबाद  भारतीय टीम ने शनिवार को वेस्टइंडीज को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एक पारी और 140 रनों से करारी शिकस्त दी। भारत की टेस्ट में ये लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले शुभमन गिल के नेतृत्व में भारतीय टीम ने द ओवल में इंग्लैंड को 6 रन से हराया था। वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच जीत लिया है और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच मिला है, इसके साथ ही उन्होंने भारत के पूर्व दिग्गज राहुल द्रविड़ के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी की। भारतीय टीम के हरफनमौला रविंद्र जडेजा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में 176 गेंद में 104 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल के साथ शतकीय साझेदारी भी की थी। वहीं पहली पारी में उन्होंने सिर्फ तीन ओवर गेंदबाजी की और 15 रन दिए। हालांकि दूसरी पारी में रविंद्र जडेजा ने 13 ओवर में 54 रन देकर चार विकेट लिए। उनके इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में 45.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 146 रन ही बना सकी। भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम हैं। सचिन तेंदुलकर ने 14 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता है। भारत के स्टार क्रिकेटर रविंद्र जडेजा ने 11 बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता। वहीं दिग्गज राहुल द्रविड़ ने 11 बार प्लेयर ऑफ द मैच अपने नाम किया है। टेस्ट मैचों में भारत के लिए सबसे ज्याद POTM अवॉर्ड्स सचिन तेंदुलकर – 14 रवींद्र जडेजा – 11* राहुल द्रविड़ – 11  

बीबीएल में अश्विन : सिडनी थंडर करेगी निजी सुरक्षा का इंतजाम, अपने सफर को कैमरे में कैद करेंगे अश्विन

सिडनी रविचंद्रन अश्विन को बिग बैश लीग टीम सिडनी थंडर निजी सुरक्षा प्रदान करेगी चूंकि ओलंपिक एरेना मैदान पर टीम के अभ्यास सत्र के दौरान भारतवंशी क्रिकेटप्रेमियों के उमड़ने की संभावना है। समझा जाता है कि अश्विन अपने साथ निजी टीम भी लेकर आयेंगे जो उनके यूट्यूब चैनल के लिये सिडनी थंडर के साथ उनके बीबीएल के सफर को कैमरे में कैद करेंगे। पिछले साल बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान एडीलेड ओवल पर भारतीय टीम के अभ्यास सत्र को देखने के लिये करीब 5000 भारतीय प्रशंसक पहुंच गए थे जिससे सुरक्षा का मसला खड़ा हो गया था। बीबीएल टीम इससे बचना चाहती है। ‘सिडनी मॉर्निग हेराल्ड’ के अनुसार,‘‘ भारत के अनुभवी स्पिनर के अभ्यास करने और खेलने के दौरान सुरक्षा का मसला हो सकता है। न्यू साउथ वेल्स में सिडनी ओलंपिक पार्क खुला मैदान है जहां भारतीय प्रशंसक अभ्यास के दौरान अश्विन को घेर सकते हैं।’’ इसमें कहा गया, ‘‘सिडनी थंडर ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया से बात की है कि भारत के इस बेहद लोकप्रिय क्रिकेटर की सुरक्षा के क्या उपाय होने चाहिये। अश्विन को आस्ट्रेलिया में निजी सुरक्षा दी जा सकती है।’’ अश्विन जनवरी में तीन से पांच मैच खेलेंगे और अगर सिडनी थंडर क्वालीफाई करती है तो फाइनल भी खेलेंगे। क्रिस गेल को सिडनी थंडर के साथ खेलने के दौरान रहने के लिये आलीशान पेंटहाउस दिया गया था। यह पूछने पर कि क्या अश्विन को भी दिया जायेगा, टीम के महाप्रबंधक ट्रेंट कोपलैंड ने कहा, ‘‘हम सुनिश्चित करते हैं कि उन्हें और सभी विदेशी खिलाड़ियों को यहां बिताये गए अपने समय का पूरा आनंद आयेगा।’’  

अलका लांबा का अनोखा अंदाज: वॉरंट जारी होते ही कोर्ट में लिखा- ‘सोनम वांगचुक के साथ ही रखना’

नई दिल्ली  पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता अलका लांबा शनिवार को राजधानी दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के सामने पेश हुईं, जहां उन्होंने अदालत से जमानत ले ली। दरअसल निषेधाज्ञा उल्लंघन से जुड़े एक मामले में कोर्ट ने उनके खिलाफ वॉरंट जारी कर दिया था, जिसके बाद वह अदालत में पेश हुईं, जहां अदालत ने उन्हें जमानत दे दी। राउज एवेन्यू कोर्ट ने इस मामले में दायर आरोपपत्र पर संज्ञान लेते हुए उन्हें समन जारी किए थे। हालांकि कई समन जारी होने के बाद भी वह अदालत में पेश नहीं हुईं, जिसके कारण कोर्ट ने उनके खिलाफ जमानती वॉरंट जारी कर दिया, तब जाकर लांबा शनिवार को राउज एवेन्यू अदालत में पेश हुईं और वहां से जमानत हासिल कर ली। हालांकि जमानत मिलने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया था कि मेरे खिलाफ वॉरंट जारी हुआ है साथ ही उन्होंने खुद को सोनम वांगचुक के साथ रखने की गुजारिश भी की थी। इससे पहले कोर्ट ने जब उन्हें समन जारी किए थे तो वह अदालत में पेश नहीं हुईं थीं और उन्होंने दो मौकों पर पेशी से छूट मांग ली थी। इसके बाद, अदालत ने 24 सितंबर को उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी कर दिया था। तब जाकर वह आज अदालत में पेश हुईं। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक (एसीजेएम) वैभव चौरसिया की कोर्ट ने शनिवार को अलका लांबा को जमानत दे दी और अभियोजन पक्ष को आरोपपत्र की एक प्रति उन्हें देने का निर्देश दिया। अदालत ने आरोपों पर दलीलें सुनने के लिए मामले को 15 अक्टूबर के लिए सूचीबद्ध किया है। यह मामला जंतर-मंतर पर एक विरोध प्रदर्शन के दौरान निषेधाज्ञा के कथित उल्लंघन से संबंधित है, जिसमें 2024 के आम चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की मांग की गई थी। इस मामले में कांग्रेस की इस महिला नेता के खिलाफ साल 2024 में संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में एक FIR दर्ज की गई थी। लांबा ने कहा था- प्लीज वांगचुक जी के साथ रखना उधर इस मामले को लेकर अलका लांबा ने शनिवार को सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया, 'मेरे खिलाफ वॉरंट जारी हुआ है, प्लीज़ सोनम वांगचुक जी के साथ ही रखना, बहुत कुछ सीखने को मिलेगा- संघर्ष जारी रहेगा…लड़ेंगे और जीतेंगे।' हालांकि लांबा की ये तम्मना पूरी नहीं हो सकी और अदालत ने उन्हें जमानत देते हुए उनकी गिरफ्तारी का रास्ता बंद कर दिया।  

Samsung का 3-फोल्ड स्मार्टफोन देगा एंट्री, 100x ज़ूम कैमरे से मचाएगा धमाल

नई दिल्ली सैमसंग जल्द ही अपना ट्राई-फोल्ड स्मार्टफोन गैलेक्सी Z ट्राई-फोल्ड लॉन्च करने की तैयारी में है। पिछले काफी समय से यह फोन चर्चा में बना हुआ है। सैमसंग के फोल्ड और फ्लिप फोन पहले ही मार्केट में उपलब्ध हैं और उन्हें काफी पसंद किया जाता है। अब लोगों को तीन बार फोल्ड होने वाला फोन चाहिए। इस साल सैमसंग, ऐपल और वनप्लस जैसे कंपनियों ने एक से एक अच्छे फोन्स पेश किए हैं। अब साल खत्म होने पर आ गया है और अभी एक और बड़ा लॉन्‍च होना बाकी है। लेटेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, Samsung Galaxy Z Tri-Fold स्मार्टफोन इस महीने या अगले महीने लॉन्च हो सकता है। रिपोर्ट में तारीख भी सामने आ गई है। 30 अक्टूबर या 1 नवंबर को होगा लॉन्च? Yonhap न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट्स के अनुसार, सैमसंग का तीन बार फोल्ड होने वाला फोन 31 अक्टूबर या 1 नवंबर को एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन में पेश किया जा सकता है। इसका मतलब है कि स्मार्टफोन एक महीने के भीतर मार्केट में आ सकता है। हालांकि इसकी लॉन्चिंग को लेकर सैमसंग ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। तीन बार फोल्ड होने वाले फोन में मिलेगा सैमसंग DeX मोड आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह नया फोल्डेबल फॉर्म फैक्टर वाला फोन दो हिंज के साथ आएगा। इसमें फ्लोटिंग विंडो और सैमसंग DeX मोड दिया जाएगा। साथ ही, इसमें 100x डिजिटल जूम वाला एक एडवांस कैमरा भी मिल सकता है। अभी इस बार पर कोई पुष्टि नहीं है कि यह फोन ग्लोबल मार्केट में उपलब्ध होगा या कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक ही सीमित रहेगा। इन लीक हुई जानकारियों के अलावा, ट्राई-फोल्ड फोन के अन्य स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स अभी तक सामने नहीं आए हैं। कंपनी ने फोन के खास फीचर्स अभी तक टीज नहीं किए हैं। इस बार सैमसंग फोन को लेकर काफी सतर्क है और उसकी खास जानकारियां लीक नहीं होने दे रही है। जहां एक तरह ऐपल अभी भी फोल्डेबल मार्केट में नहीं उतर पाया है, वहीं सैमसंग तीन बार फोल्ड होने वाले फोन के साथ तैयार है। ऐसे में ऐपल के लिए चुनौतियां और भी बढ़ गई हैं। हालांकि कई रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐपल भी जल्द अपना फोल्डेबल फोन लॉन्च करने वाली है।

पल्ला गांव से हाथी घाट तक: दिल्ली CM ने छठ घाटों का किया निरीक्षण

नई दिल्ली दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को बोट से यमुना नदी के प्रवेश बिंदु पल्ला गांव से लेकर आईटीओ के नजदीक स्थित हाथी घाट तक विभिन्न छठ घाटों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ दिल्ली के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और कपिल मिश्रा के अलावा लक्ष्मी नगर से विधायक अभय वर्मा और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।  इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना तट पर महापर्व छठ की तैयारियों को लेकर सरकार पूरी गंभीरता और युद्धस्तर पर काम में जुटी है। आज पल्ला गांव से लेकर हाथी घाट तक लगभग तीन घंटे तक विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और बोट से यमुना जी के किनारों का विस्तृत सर्वे किया।  उन्होंने कहा कि यह जमीनी सर्वेक्षण केवल व्यवस्थाओं की समीक्षा नहीं, बल्कि दिल्ली में एक भव्य और सुव्यवस्थित छठ आयोजन सुनिश्चित करने की ठोस नींव है। यह पर्व उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के भाइयों-बहनों को दिल्ली की मिट्टी से जोड़ता है और एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को सशक्त करता है। संबंधित विभागों को साफ-सफाई, घाटों के निर्माण, सुरक्षा और अन्य सभी सुविधाओं की रूपरेखा शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लाखों श्रद्धालु बिना किसी कठिनाई के छठ मईया की पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने छठ को यमुना से दूर कर दिया था। यमुना किनारे इस बार आस्था के महापर्व छठ का भव्य आयोजन होगा। उनकी सरकार पल्ला गांव से लेकर ओखला तक छठ के आयोजन की तैयारियों में पूरी निष्ठा और तत्परता से जुटी है। जब यमुना के घाटों पर लाखों श्रद्धालु डूबते सूरज और उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे तब वह क्षण हर श्रद्धालु के लिए अविस्मरणीय बने, यही हमारा संकल्प और प्रयास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में पूर्वांचलवासियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, इसलिए उनकी धार्मिक आस्था व सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में यमुना के प्रवेश स्थल पल्ला से लेकर अंतिम स्थल ओखला तक दोनों किनारों पर छठ पर्व का आयोजन किया जाएगा। इन दोनों किनारों पर जहां भी छठ पर्व के लिए समतल किनारे उपलब्ध होंगे, वहां सरकार की ओर से व्रतधरियों को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। छठ घाटों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं।  उल्लेखनीय है कि छठ पर्व की तैयारियों को लेकर 29 सितंबर को मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पल्ला से लेकर वजीराबाद तक के किनारों पर विशेष व्यवस्था के साथ ही आईटीओ, ओखला जैसे पुराने स्थलों पर भी व्यवस्थाएं और दुरुस्त करने का निर्देश अधिकारियों को दिया था।  मुख्यमंत्री ने छठ पूजा के दौरान घाटों की सफाई व स्वच्छता के साथ धूल से बचाने के लिए पानी का छिड़काव, पुलिस व ट्रैफिक पुलिस को सुरक्षा व यातायात व्यवस्था चौकस रखने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग को छठ पर्व से पूर्व यमुना से जलकुंभी निकालने के भी आदेश जारी किए गए हैं। इस बार इन स्थलों पर प्रकाश की विशेष व्यवस्था की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।  मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में यमुना के किनारो के अलावा मुनक नहर, मुंगेशपुर ड्रेन के अलावा कृत्रिम तालाबों में भी छठ पूजा आयोजित की जाती है। राजधानी में कुल मिलाकर 929 स्थलों पर पूजा-अर्चना की जाती है। इन स्थलों पर सरकार की ओर से समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। अगर किसी संस्थान को एनओसी चाहिए तो उसे भी बिना किसी परेशानी से उसे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे विशेष स्थान भी चिन्हित किए जाएंगे जहां छठ पूजा का विशेष आयोजिन किया जाएगा।  मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अगर यमुना में अतिरिक्त पानी की जरूरत होती तो हरियाणा सरकार से निवेदन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पूर्वांचलवासियों की आस्था और संस्कृति का एक महत्वपूर्ण पर्व है और इसे पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाने के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह तैयार है।   

राशन कार्ड घोटाला: रायपुर 19,574 फर्जी कार्डों के साथ पहले, दुर्ग 18,112 के साथ दूसरे स्थान पर

रायपुर छत्तीसगढ़ में राशन कार्डों का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। इसमें रायपुर राजधानी 19,574 फर्जी राशन कार्ड के साथ पहले और दुर्ग 18,112 के साथ दूसरे नंबर पर है। वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत तैयार आंकड़ों की जांच में पता चला कि 46 लाख से अधिक सदस्य संदिग्ध हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे परिवारों की है, जिन्होंने डुप्लीकेट आधार कार्ड, मृत व्यक्तियों के नाम और फर्जी दस्तावेजों से राशन कार्ड में सदस्य जोड़ रखे थे। खाद्य विभाग की ओर से शुरू किए गए भौतिक सत्यापन अभियान में अब तक 1 लाख 93 हजार 67 फर्जी सदस्य चिन्हांकित कर उनके नाम काट दिए गए हैं। विभाग का मानना है कि यह कार्रवाई राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए बेहद अहम है। जिलावार तस्वीर, रायपुर टॉप पर रायपुर में सबसे ज्यादा में 19,574 फर्जी सदस्य उजागर हुए हैं। दुर्ग में 18,112, जांजगीर-चांपा में 17,529, राजनांदगांव में 17,327 और कोरबा में 16,064 भी गड़बड़ी वाले शीर्ष जिलों में शामिल हैं। सरगुजा में 15,626, बलौदाबाजार में 13,833, महासमुंद में 13,308, धमतरी में 10,937 और कवर्धा में 9,987 में भी बड़ी संख्या में नाम हटाए गए। दूसरी ओर गरियाबंद में 7,027 और कांकेर में 7,669 ऐसे जिले रहे, जहां अपेक्षाकृत कम फर्जी सदस्य मिले। जशपुर में 9,727, बालोद 8,925 और बेमेतरा 8,641 में भी गड़बड़ी सामने आई। सबसे ज्यादा फर्जी सदस्य     रायपुर -19,574     दुर्ग – 18,112     जांजगीर-चांपा – 17,529     राजनांदगांव -17,327     कोरबा -16,064 अभी और हटेंगे 53 हजार नाम जांच टीम के मुताबिक अभी करीब 53 हजार संदिग्ध सदस्यों की जांच बाकी है। इनमें मृतक, पलायन कर चुके लोग और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े सदस्य शामिल हैं। इनके सत्यापन के बाद नाम निरस्त कर दिए जाएंगे। सबसे कम फर्जी सदस्य     गरियाबंद -7,027     कांकेर -7,669     बेमेतरा -8,641     बालोद -8,925     जशपुर -9,727 कैसे हो रही जांच खाद्य विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि जिन परिवारों का ई-केवाईसी पूरा नहीं हुआ है, उनका घर-घर भौतिक सत्यापन कराया जाए। इसके लिए पटवारी, पंचायत सचिव, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और आशा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। यदि कोई सदस्य गलत या अपात्र पाया जाता है तो उसका नाम तत्काल हटाया जा रहा है। विभाग का लक्ष्य है कि 31 अक्टूबर तक सभी जिलों का सत्यापन पूरा कर लिया जाए।