Public Sootr

लहर खबरों की

Public Sootr

Writer News & Blogger

सुप्रीम कोर्ट में CJI पर हमला: वकील ने जूता फेंका, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) बीआर गवई के सामने कोर्ट में आज एक वकील ने हंगामा करने की कोशिश की. आरोप है कि वकील ने CJI की तरफ जूता फेंकने का प्रयास भी किया. घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी वकील को हिरासत में ले लिया. इस बीच, पूरे घटनाक्रम के दौरान जस्टिस गवई शांत बने रहे और कोर्ट में सुनवाई यथावत जारी रही. उन्होंने कहा कि इन चीजों से "मुझे फर्क नहीं पड़ता." बताया जा रहा है कि वकील डेस्क के पास गया और जूता निकालकर जज की तरफ फेंकने की कोशिश की लेकिन कोर्ट में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते हस्तक्षेप किया और वकील को बाहर ले गए. बाहर जाते समय वकील यह कहते सुना गया, "सनातन का अपमान नहीं सहेंगे." CJI इस घटना से प्रभावित नहीं हुए और कोर्ट में मौजूद अन्य वकीलों से कहा कि अपने तर्क जारी रखें. उन्होंने कहा, “इस सब पर ध्यान मत दें. हम प्रभावित नहीं हैं. ये बातें मुझे प्रभावित नहीं करतीं." मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सीजेआई पर क्यों की गई जूता फेंकने की कोशिश? घटना पर एक वकील ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि आज की जो घटना है, वह बहुत ही दुखद है. एक कोर्ट में, वो भी वकील ने अगर असॉल्ट करने का प्रयास किया है, तो हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं. देखिए, हमारे बार के वो मेंबर हैं. अभी हमने जांच किया और पता चला कि वो 2011 के मेंबर हैं." वकील ने कार्रवाई की मांग की वकील ने अपने बयान में कहा, "यह बहुत ही दुखद घटना है. इसलिए हम कह सकते हैं कि जो पता चला है, वह लॉर्ड विष्णु के मैटर्स में आया कमेंट था, हॉनरेबल CJI के उसी पर ही उन्होंने ऐसा प्रयास (वकील ने जूता फेंकने का प्रयास) किया है. यह बहुत ही दुखद घटना है. हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं और अगर यह घटना सच है, तो एक्शन होना चाहिए."

IT शेयरों की धमाकेदार रैली, बाजार ने पकड़ी रफ्तार, निफ्टी 25,000 पार

मुंबई  लगातार तीसरे दिन शेयर बाजार (Stock Market) में तेजी देखी जा रही है, कारोबारी हफ्ते के पहले दिन सोमवार को दोपहर ढाई बजे सेंसेक्स में करीब 550 अंकों की और निफ्टी में 165 अंकों की तेजी देखी जा रही है. Nifty इंडेक्स 25 हजार से ऊपर बना हुआ है. जबकि सेंसेक्स (Sensex) 81,750 के ऊपर बना हुआ है. दरअसल सोमवार को सुस्ती के साथ निफ्टी की शुरुआत हुई. लेकिन बाजार में अचानक आई तेजी के बीच आईटी और फाइनेंस स्टॉक्स ने मोर्चा संभाल लिया है. सबसे ज्यादा श्रीराम ट्रांसपोर्ट फाइनेंस के शेयर में 4.40 फीसदी, टीसीएस में 2.63 फीसदी और अपोलो हॉस्पिटल में 2.84 फीसदी की तेजी देखी जा रही है.  सुस्त शुरुआत, फिर बना रॉकेट शेयर मार्केट में कारोबार की शुरुआत होने पर बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले बंद 81,207.17 के लेवल से मामूली बढ़त लेकर 81,274.79 पर खुला और फिर कुछ देर तक सुस्ती के साथ ही कारोबार करता रहा. लेकिन घंटेभर के कारोबार के बाद अचानक से इसकी चाल बदल गई और ये 300 अंक से ज्यादा उछलकर 81,357 पर जा पहुंचा. सेंसेक्स की तरह ही एनएसई का निफ्टी भी नजर आया. इसकी ओपनिंग अपने पिछले बंद 24,894.25 की तुलना में बढ़त के साथ 24,916.55 पर हुई और फिर ये तेज रफ्तार के साथ 24,989.95 पर जा पहुंचा.  इन शेयरों में एक्शन  कारोबार के दौरान Max Health, Apollo Hospitals, Shriram Finance, Axis Bank, Bajaj Finance और TCS के शेयर सबसे तेज भागने वाले स्टॉक्स में शामिल रहे, जबकि टाटा स्टील, अडानी पोर्ट्स, SBI Life Insurance, Tata Motors, Cipla और Asian Paints में गिरावट दर्ज की गई.  शेयर बाजार में उछाल के पीछे ये तीन बड़े कारण पहला- बैंकिंग सेक्टर में भारी खरीदारी हुई, क्योंकि HDFC और कोटक महिंद्रा जैसी बैंकों ने शानदार तिमाही रिपोर्ट दी. निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बैंक शेयरों की मांग बढ़ी. IT सेक्टर के शेयरों में अच्छा रुझान दिखा. निफ्टी IT इंडेक्स करीब 1.5% ऊपर है, और सभी IT शेयर हरे निशान में हैं. दूसरा- दुनिया भर के बाजारों में सकारात्मक माहौल रहा. एशियाई बाजार और अमेरिकी फ्यूचर्स में बढ़त ने भारत को भी रफ़्तार दी. तीसरा- भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ, इससे विदेशी निवेशकों को सहजता मिली और निवेश का माहौल बेहतर हुआ. टेक्निकल तौर पर भी निफ्टी 25 हजार से ऊपर कारोबार कर रहा है.   (नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)

मुख्यमंत्री आवास पर जनता से की मुलाकात, सीएम योगी ने अधिकारियों को समाधान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जनपदों से आए लोगों से व्यक्तिगत मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने लोगों की समस्याओं को निश्चित समयावधि में निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए. जनता दर्शन में कैसे जाएं? बता दें कि जनता दर्शन में जाने के लिए किसी विशेष प्रकार के रजिस्ट्रेशन की आवश्यकता नहीं होती है। जनता दरबार में कोई भी नागरिक सीधे पहुंच सकता है और अपनी शिकायत या समस्या मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों बता सकता है। हालांकि, यह सलाह दी जाती है कि लोग अपनी समस्याओं को जनसुनवाई पोर्टल (https://jansunwai.up.nic.in) पर पहले से ही ऑनलाइन दर्ज करें. इससे उनकी शिकायत को पहले से रिकॉर्ड में लाया जा सकता है और जनता दरबार  में चर्चा के दौरान उसे प्राथमिकता से देखा जा सकता है. जनता दरबार के समय या स्थान में परिवर्तन हो सकता है, इसलिए किसी भी आधिकारिक सूचना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की वेबसाइट या जनसुनवाई पोर्टल देखा जा सकता है.

मठ में चमत्कार: आधी रात को बालाजी का प्रकट होना, आज मिलेगा ‘अमृत खीर’

रायपुर आश्विन माह की पूर्णिमा, यानी 6 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा धूमधाम से मनाई जाएगी. इस दिन चंद्रमा अपनी 16 कलाओं के साथ अमृत वर्षा करता है. मठ-मंदिरों और घरों में खीर बनाई जाएगी, बंगाली समाज में मां लक्ष्मी की विशेष पूजा होगी, और दूधाधारी मठ में भगवान बालाजी की सदियों पुरानी परंपरा निभाई जाएगी. दूधाधारी मठ में बालाजी की विशेष पूजा शरद पूर्णिमा पर दूधाधारी मठ में भगवान बालाजी को आधी रात गर्भगृह से बाहर लाया जाएगा. यह सदियों पुरानी परंपरा है, जिसमें भगवान को चांदी के सिंहासन पर विराजमान कर महंत रामसुंदर दास अनुष्ठान करेंगे. इसके बाद भक्तों को अमृत खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस बार चंद्रमा का सप्तम भाव में होना और वृद्धि योग इस दिन को विशेष फलदायी बनाता है, हालांकि सर्दी और भावनात्मक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. बंगाली समाज में मां लक्ष्मी की कोजागरी पूजा बंगाली समाज में शरद पूर्णिमा को मां लक्ष्मी की पूजा, जिसे कोजागरी पूजा भी कहते हैं, विशेष उत्साह के साथ की जाएगी. रायपुर की कालीबाड़ी चौक, पंडरी सिटी, शिवानंद नगर, माना कैंप, डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, और गुढ़ियारी सहित कई कालीबाड़ियों में शाम 7:30 बजे से पूजा, पुष्पांजलि, भोग और आरती का आयोजन होगा. बंग समाज के लोग इस अवसर पर एकत्रित होकर मां लक्ष्मी का आशीर्वाद लेंगे. श्री महाकाल धाम में शिवामृत महोत्सव खारुन तट पर स्थित महाकाल धाम, अमलेश्वर में शरद पूर्णिमा पर शिवामृत महोत्सव का आयोजन होगा. सुबह 9 बजे से सहस्त्र पार्थिव शिवलिंग निर्माण, पूजन और वैदिक हवन के साथ उत्सव शुरू होगा. दिनभर रुद्राभिषेक और पूजन के बाद संध्या में भगवान महाकाल की महाआरती, भक्ति संध्या, जागरण और अखंड संकीर्तन होगा. इसके अलावा, गोपाल मंदिर में रास उत्सव और गिरिराज मंदिर में दो दिवसीय उत्सव मनाया जाएगा, जहां ठाकुरजी को श्वेत वस्त्र-आभूषणों से सजाया जाएगा और चंद्रमा की रोशनी में आरती की जाएगी.

ओले और बारिश की चेतावनी: प्रदेश के मौसम ने ली करवट

लखनऊ उत्तर प्रदेश में मानसून के विदा होने से पहले पूरब और पश्चिम दोनों संभागों में जोरदार बारिश देखने को मिली है। अब पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार को पश्चिमी यूपी में ओले भी गिरने वाले हैं। माैसम विभाग ने सोमवार के लिए पश्चिमी तराई के सहारनपुर, शामली, बिजनाैर समेत 15 जिलों में गरज चमक के साथ ओले गिरने की आशंका जताई है। वहीं पश्चिम के 13 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दाैरान 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी चेतावनी है। लगभग 38 जिलों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से सोमवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भारी बारिश और गरज चमक के साथ ओले गिरने की चेतावनी है। बुधवार से पूर्वी और पश्चिमी यूपी में माैसम के शुष्क रहने के संकेत हैं। आज फिर बदल सकता है मौसम का मिजाज राजधानी में रविवार को दिन चढ़ने के साथ धूप खिली। पारा चढ़ने के साथ गर्मी भी बढ़ी। हवा में नमी ज्यादा होने के कारण दोपहर में तीखी धूप के साथ उमस बेकाबू होती गई। हालांकि सुबह और शाम के वक्त नमी से भरी ठंडी हवाओं के चलते ही गर्मी से थोड़ी राहत रही। रविवार को धूप की तेजी के चलते अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। माैसम विभाग का कहना है कि सोमवार को एक बार फिर राजधानी क्षेत्र में बादलों की सक्रियता बढ़ने के आसार हैं। इससे छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना भी है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सोमवार को लखनऊ में बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी की परिस्थितियां बन सकती हैं। इससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। विक्षोभी की तीव्रता ज्यादा रही तो मंगलवार को भी बादल और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री की उछाल के साथ 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान बिना किसी बदलाव के साथ 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।  

भोपाल में गौ मांस का मुद्दा फिर उठा, रामेश्वर शर्मा बोले—‘सरगना को तुरंत पकड़ें, अधिकारी मैदान में आएं’

भोपाल  भोपाल में आज बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने परवलिया क्षेत्र में फिर से गौ मांस पकड़ा, जिससे क्षेत्र में एक बार फिर गौकशी का मामला उठ खड़ा हुआ है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक गंभीर चिंता का विषय है। शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बड़े अधिकारियों को सक्रियता से मैदान में उतरना होगा। उनका मानना है कि गौकशी करने वाले और लव जिहाद के मामलों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। भोपाल में फिर गौ मांस का मामला, बोले रामेश्वर शर्मा "बड़े अधिकारी उतरें मैदान में, सरगना को पकड़ें" पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में, परवलिया सड़क थाना क्षेत्र में एक कार से मांस बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने मांस के साथ कार को जब्त कर लिया है। बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और पुलिस की जांच में सहयोग किया। इससे पहले, हबीबगंज क्षेत्र में भी गौ मांस पकड़े जाने की घटना हुई थी। विधायक रामेश्वर शर्मा ने उस मामले पर भी प्रतिक्रिया दी थी, जिसमें उन्होंने पुलिस से गोकशी करने वालों की एक व्यापक सूची तैयार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि केवल एक या दो मामलों में कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि गौहत्या के मामलों में शामिल सभी व्यक्तियों को अपराधी मानते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। शर्मा ने कहा कि गौ हत्यारों के हौसले तोड़ने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे। सख्त कार्रवाई की आवश्यकता विधायक ने इस मुद्दे पर जोर देते हुए कहा कि गौ हत्यारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि वे उन लोगों के हाथ-पैर तोड़ने और उनके मकानों को तोड़ने की कार्रवाई करें जो गौकशी में लिप्त हैं। यह बयान उन्होंने उस समय दिया जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गौ मांस पकड़े जाने की घटनाओं के खिलाफ आवाज उठाई। समुदाय की भूमिका विधायक ने कहा कि समाज को भी इस मुद्दे पर जागरूक होना चाहिए और गौकशी के मामलों को रोकने के लिए एकजुट होना चाहिए। उन्होंने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में उनकी सक्रियता महत्वपूर्ण है। सरगनाओं को पकड़ें विधायक शर्मा ने यह भी कहा कि गौकशी करने वालों के सरगनों को पकड़ना आवश्यक है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई को और मजबूत करना होगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं ना हों।

सोने के दामों में बदलाव, 10 ग्राम सोने का रेट और शहरों के 22-24 कैरेट भाव की जानकारी

इंदौर  फेस्टिवल सीजन में सोने और चांदी की कीमतों में बदलाव का दौर जारी है। अगर आप आज सोमवार को सोना या चांदी खरीदने के लिए बाजार जा रहे है तो पहले ताजा भाव जान लीजिए। आज मंडे को सोने की कीमतों में 1370 रूपए प्रति दस ग्राम और चांदी के भाव में 1000 रूपए प्रति किलो का उछाल आया है। आज 22 कैरेट सोने के दाम (Gold Rate Today) 1,10,850 , 24 कैरेट का भाव 1,20,920 और 18 ग्राम सोने का रेट 90,730 रुपए पर ट्रेंड कर रहे है। वहीं 1 किलो चांदी का रेट (Silver Rate Today) 1, 56, 000 रुपए चल रहा है। आईए जानते है आपके शहर का 18, 22 और 24 कैरेट सोने का भाव……… सोमवार का 18 कैरेट सोने का ताजा भाव     दिल्ली सराफा बाजार में आज 10 ग्राम सोने की कीमत (Gold Rate Today) 90,730/- रुपये।     कोलकाता और मुंबई सराफा बाजार में 90,580/- रुपये।     इंदौर और भोपाल में सोने का भाव 90, 630 चल रहा है।     चेन्नई सराफा बाजार में कीमत 91, 600/- रुपये पर ट्रेड कर रही है। सोमवार का 22 कैरेट सोने का ताजा भाव     भोपाल और इंदौर में आज 10 ग्राम सोने की कीमत (Gold Rate Today) 1,10 750/- रुपये ।     जयपुर, लखनऊ, दिल्ली सराफा बाजार में आज 10 ग्राम सोने की कीमत (Gold price Today) 1,10,850/- रुपये ।     हैदराबाद, केरल, कोलकाता, मुंबई सराफा बाजार में 1 10,700/- रुपये ट्रेंड कर रहा है। सोमवार का 24 कैरेट सोने का ताजा भाव     भोपाल और इंदौर में आज 10 ग्राम सोने की कीमत 1,20, 820 रुपये     दिल्ली जयपुर लखनऊ और चंडीगढ़ सराफा बाजार में आज 10 ग्राम सोने की कीमत 1,20, 920 /- रुपये।     हैदराबाद, केरल, बैंगलुरू और मुंबई सराफा बाजार में 1,20, 770 /- रुपये ।     चेन्नई सराफा बाजार में कीमत 1,20, 660 /- रुपये पर ट्रेंड कर रहा है। पढ़िए सोमवार का आपके शहर का चांदी का लेटेस्ट रेट     जयपुर कोलकाता अहमदाबाद लखनऊ मुंबई दिल्ली सराफा बाजार में 01 किलोग्राम चांदी की कीमत (Silver Rate Today) 1,56,000 /- रुपये     चेन्नई, मदुरै , हैदराबाद,और केरल सराफा बाजार में कीमत 1,66,000/- रुपये।     भोपाल और इंदौर में 1 किलो चांदी की कीमत 1,56,000/ रुपए ट्रेंड कर रही है। कैसे चेक करें प्योरिटी? सोना खरा है या नहीं?     ISO (Indian Standard Organization) द्वारा सोने की शुद्धता पहचानने के लिए हॉल मार्क दिए जाते हैं।     24 कैरेट गोल्ड 99.9 प्रतिशत शुद्ध होता है और 22 कैरेट लगभग 91 प्रतिशत शुद्धता होती है।24 कैरेट सोने में 1.0 शुद्धता (24/24 = 1.00) होनी चाहिए।     22 कैरेट गोल्ड में 9% अन्य धातु जैसे तांबा, चांदी, जिंक मिलाकर जेवर तैयार किए जाते हैं।     22 कैरेट सोने में 0.916 शुद्धता (22/24 = 0.916) होनी चाहिए।     24 कैरेट सोने के आभूषण पर 999, 23 कैरेट पर 958, 22 कैरेट पर 916, 21 कैरेट पर 875 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है।     24 कैरेट में कोई मिलावट नहीं होती, इसके सिक्के मिलते है, लेकिन 24 कैरेट सोने के आभूषण नहीं बनाए जा सकते, इसलिए ज्यादातर दुकानदार 18, 20 और 22 कैरेट सोना बेचते हैं। चांदी पर हॉलमार्किंग का नियम     सोने के बाद अब 1 सितंबर 2025 से चांदी की ज्यूलरी पर हॉलमार्किंग का नियम लागू कर दिया है। हालांकि चांदी के लिए हॉलमार्किंग अनिवार्य नहीं है। आप बिना हॉलमार्क वाली चांदी भी खरीद सकते हैं।     हॉलमार्किंग के नियमों के तहत, चांदी पर 6 अंकों का यूनिक HUID कोड होगा। इससे तुरंत पता चल जाएगा कि गहना किस शुद्धता का है और वह असली है या नहीं।     भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने चांदी की शुद्धता के लिए 6 नए स्टैंडर्ड 800, 835, 900, 925, 970 और 990 तय किए हैं। 925 या 9250 अंक का मतलब है कि चांदी 92.5% शुद्ध है।

अस्पताल में आग से मचा हड़कंप, तुरंत पहुंचे मुख्यमंत्री शर्मा स्थिति का लिया जायजा, जताया शोक

जयपुर जयपुर में कल देर रात सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के न्यूरो आईसीयू वार्ड में अचानक लगी आग से सात मरीजों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मामले की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा कि जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में आग लगने की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों एवं अधिकारियों से जानकारी ली और त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मरीजों की सुरक्षा, इलाज और प्रभावित लोगों की देखभाल के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रभु श्रीराम दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें। राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।   हादसे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के ICU में आग लगने से सात लोगों की मृत्यु बहुत दुखी करने वाली है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस हादसे में कम से कम जनहानि हो। प्रभु दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें। साथ ही यह भी कहा है कि राज्य सरकार इस घटना की उच्च स्तरीय जांच करवाकर यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में कहीं भी ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो सके। इधर प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने भी एक्स पर लिखा  है कि जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में आग लगने की हृदय विदारक घटना में मरीजों की जनहानि का समाचार अत्यंत दु:खद और पीड़ादायक है।   ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। प्रभु श्रीराम हादसे में घायल हुए नागरिकों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें । नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अपने शोक संदेश में कहा कि एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के ICU में आग लगने से 3 महिलाओं सहित 8 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। इस भीषण घटना ने मन को झकझोर कर रख दिया है, हृदय अत्यंत व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं दिवंगतों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में एवं शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। अभी जयपुर जिला कलेक्टर से घटना की पूरी जानकारी ली है और थोड़ी ही देर में SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंच रहा हूं। गौरतलब है कि कल देर रात एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के न्यूरो आईसीयू में आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई, मरने वालों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

दुर्ग में राशन कार्ड छानबीन, बड़ी जमीन मालिकों के खिलाफ सख्त कदम

दुर्ग प्रदेश में फर्जी और अपात्र राशन कार्ड धारकों पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने बड़ी कार्यवाही शुरू कर दी है। विभाग ने 46 लाख से अधिक संदिग्ध राशन कार्डों का सत्यापन अभियान चलाया है, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। कई कार्डधारक ऐसे मिले जिनकी मृत्यु हो चुकी है, तो कई प्रदेश छोड़कर बाहर जा चुके हैं। ऐसे मामलों में अब तक 53,234 सदस्यों के नाम राशन कार्ड से निरस्त किए जाने की तैयारी है। इनमें अकेले रायपुर जिले के 9,233 सदस्य शामिल हैं। पहले चरण में 1.93 लाख सदस्य हटाए जा चुके इससे पहले भी विभाग ने राज्यभर में 1 लाख 93 हजार 67 सदस्यों के नाम राशन कार्ड से हटाए थे। इनमें रायपुर जिले के 19,574 सदस्य शामिल थे। भौतिक सत्यापन में यह पाया गया कि इनमें अधिकांश सदस्य मृत हो चुके या अन्य राज्यों में बस चुके हैं। दरअसल, केंद्र सरकार ने सभी राशन कार्डधारकों को ई-केवाईसी कराने के निर्देश दिए थे। समय पर ई-केवाईसी न कराने वाले 46 लाख से अधिक लोगों को संदिग्ध सूची में डाल दिया गया था। इसके बावजूद कई संदिग्ध कार्डधारकों के नाम पर हर महीने खाद्यान्न उठाव जारी था। अब आय, टैक्स और जमीन के आधार पर होगी छंटनी विभाग अब अगला कदम उठाने की तैयारी में है। जिन परिवारों की वार्षिक आय 6 लाख रुपए से अधिक है, जो आयकर (इनकम टैक्स) जमा करते हैं, या जिनके पास 5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि है, उनके नाम राशन कार्ड से हटाने की कार्यवाही शुरू की जाएगी। खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा ने बताया कि रायपुर जिले में पहले ही 19 हजार से अधिक सदस्यों के नाम निरस्त किए जा चुके हैं। शेष 9 हजार से अधिक सदस्यों के नाम हटाए जाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके बाद नियमानुसार अन्य अपात्रों की छंटनी जारी रहेगी। इतने-इतने नाम होंगे निरस्त (जिला अनुसार सूची) जिला    निरस्त होने वाले सदस्य रायपुर    9,233 बस्तर    4,879 बीजापुर    7 दंतेवाड़ा    2 कांकेर    1,923 कोंडागांव    735 नारायणपुर    180 सुकमा    58 बिलासपुर    3,000 गौरेला-पेंड्रा-मारवाही    1,005 जांजगीर    281 कोरबा    33 मुंगेली    114 रायगढ़    49 बालोद    879 बेमेतरा    1,248 दुर्ग    6,319 कवर्धा    1,773 राजनांदगांव    247 बलौदाबाजार    2,248 धमतरी    346 गरियाबंद    862 महासमुंद    2,722 बलरामपुर    3,044 जशपुर    6,007 कोरिया    2 सरगुजा    7,178 खैरागढ़    18 मोहला-मानपुर    995 सारंगढ़-बिलाईगढ़    717 मनेंद्रगढ़-चिरमिरी    1,240 अपात्रों पर विभाग की सख्ती जारी विभाग का कहना है कि सरकार का लक्ष्य वास्तविक गरीब और पात्र परिवारों तक सस्ते राशन की सुविधा पहुंचाना है। ऐसे में जिन लोगों के नाम अपात्र श्रेणी में पाए जा रहे हैं, उनके कार्ड निरस्त कर खाद्यान्न वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाया जा रहा है।  

दुर्ग पुलिस के 5 थानों के टीआई और 2 चौकी प्रभारी बदले गए, अफसरों की नई लिस्ट जारी

दुर्ग छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार देर रात सीनियर एसपी ने पुलिस विभाग में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। इस आदेश के तहत 5 थानों के टीआई और 2 पुलिस चौकियों के प्रभारी सहित कुल 11 पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। जारी आदेश के मुताबिक— जितेंद्र वर्मा बने भिलाई नगर टीआई रामेंद्र कुमार सिंह को जामुल थाना प्रभारी की जिम्मेदारी बसंत कुमार बघेल अमलेश्वर थाना प्रभारी नियुक्त प्रशांत मिश्रा अब वैशाली नगर टीआई राजेश मिश्रा को भेजा गया रक्षित केंद्र दुर्ग प्रकाशकांत को भी रक्षित केंद्र दुर्ग में पदस्थ किया गया अमित अंदानी बने पुलगांव थाना प्रभारी खेलन साहू को अंजोरा चौकी प्रभारी बनाया गया संतोष साहू साइबर सेल दुर्ग भेजे गए मनोज यादव को भिलाई-3 में पदस्थ किया गया आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। त्योहारी सीजन और कानून-व्यवस्था की तैयारियों को देखते हुए यह तबादले किए गए हैं। पुलिस विभाग का दावा है कि इस कदम से पुलिसिंग की कार्यकुशलता, बेहतर समन्वय और क्षेत्रीय नियंत्रण मजबूत होगा। दुर्ग जिले में यह फेरबदल सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।