Public Sootr

लहर खबरों की

Public Sootr

Writer News & Blogger

जीएसटी रेट घटा, कारों के दाम कम हुए: जानें ₹5 लाख से कम की टॉप 5 गाड़ियां

1 36.jpg

नई दिल्ली सरकार के हाल ही में लागू किए गए जीएसटी 2.0 रिफॉर्म ने छोटे और आम लोगों के लिए बनी कारों को काफी सस्ता कर दिया है। पहले इन कारों पर 28 प्रतिशत जीएसटी लगता था, जिसे घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इसका फायदा तुरंत ग्राहकों तक पहुंचाया गया है। अब कई लोकप्रिय हैचबैक और एंट्री-लेवल कारें 5 लाख रुपये से कम कीमत में मिल रही हैं। यह सेगमेंट खासकर पहली बार कार खरीदने वालों, छात्रों और उन परिवारों के लिए फायदेमंद है जो दूसरी गाड़ी लेना चाहते हैं। यहां हम आपको बता रहे हैं, जीएसटी कटौती के बाद कौन-सी 5 कारें 5 लाख रुपये से कम में मिल रही हैं। मारुति सुजुकी ऑल्टो K10 हमेशा से लोगों की पसंद रही Maruti Suzuki Alto K10 (मारुति सुजुकी ऑल्टो K10) अब और भी किफायती हो गई है। जीएसटी कटौती से पहले इसकी शुरुआती कीमत करीब 3.70 लाख रुपये थी, जो अब और कम हो गई है। यह कॉम्पैक्ट, माइलेज देने वाली और कम मेंटेनेंस वाली कार है, जो पहली बार कार खरीदने वालों और शहर में चलाने के लिए परफेक्ट है। इसमें सिर्फ पेट्रोल और सीएनजी ऑप्शन मिलते हैं। मारुति सुजुकी एस-प्रेसो मिनी एसयूवी के नाम से प्रचारित Maruti Suzuki S-Presso (मारुति सुजुकी एस-प्रेसो) अपनी बोल्ड डिजाइन और ऊंचे स्टांस की वजह से जानी जाती है। जीएसटी की नई दरों के बाद इसकी शुरुआती कीमत करीब 3.50 लाख रुपये रह गई है। अब यह और भी किफायती हो गई है और भारत की सबसे सस्ती नई कारों में शामिल हो गई है। इसकी ऊंची सीटिंग पोजिशन ड्राइवर को आगे का अच्छा व्यू देती है। इसमें पेट्रोल और सीएनजी दोनों ऑप्शन मौजूद हैं। मारुति सुजुकी वैगनआर फैमिली कारों में भरोसेमंद नाम Maruti Suzuki Wagon R (मारुति सुजुकी वैगनआर) अब सिर्फ 5 लाख रुपये एक्स-शोरूम कीमत से शुरू हो रही है। इसका टॉल-बॉय डिजाइन, ज्यादा स्पेस वाला केबिन और मारुति का सर्विस नेटवर्क इसे फैमिली खरीदारों के लिए बेस्ट डील बनाते हैं। इसमें सीएनजी और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स समेत कई ऑप्शन मिलते हैं। टाटा टियागो Tata Tiago (टाटा टियागो) अपनी मजबूत बिल्ड क्वालिटी, सेफ्टी फीचर्स और मॉडर्न डिजाइन के लिए हमेशा तारीफ पाती रही है। अब इसकी शुरुआती कीमत 4.57 लाख रुपये से शुरू होती है। जो लोग बजट में रहते हुए भी स्टाइल और सुरक्षा चाहते हैं, उनके लिए टियागो एक बेहतरीन विकल्प है। इसमें कई पावरट्रेन और गियरबॉक्स मिलते हैं। खास बात यह है कि यह सीएनजी के साथ ऑटोमैटिक गियरबॉक्स वाला देश का पहला मॉडल है। रेनो क्विड एसयूवी जैसा लुक और बजट-फ्रेंडली कीमत वाली Renault Kwid (रेनो क्विड) अब करीब 4.30 लाख रुपये से शुरू हो रही है। इसके एसयूवी-प्रेरित डिजाइन, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट और आसान ड्राइविंग फीचर्स ने इसे शहरी ग्राहकों की पसंद बना दिया है। इसमें 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल और AMT दोनों ऑप्शन मिलते हैं। 

स्वदेशी शक्ति बढ़ाने भारत का बड़ा कदम: 5th जनरेशन फाइटर जेट बनाने 7 कंपनियों ने जताई रुचि

2 24.jpg

नई दिल्ली भारत ने अमेरिका, रूस और चीन की तरह अपना खुद का पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर बनाने के सपने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। रक्षा मंत्रालय को भारत के अगले पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के विकास और निर्माण के लिए 7 भारतीय कंपनियों से बोलियां मिली हैं। यह विमान एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) कार्यक्रम का हिस्सा होगा। L&T, HAL, Adani Defence, Tata Advanced Systems Ltd और Kalyani Strategic Systems जैसी बड़ी कंपनियां इसमें शामिल हैं। यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा सैन्य अनुसंधान और विकास कार्यक्रम है। इसका मुख्य लक्ष्य 2030 के दशक के मध्य तक भारत का मुख्य हवाई मंच बनने वाले नए, पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान बनाना है। इन बोलियों की जांच पूर्व DRDO मिसाइल वैज्ञानिक ए. शिवथानु पिल्लई की अध्यक्षता वाली एक समिति करेगी। यह कार्यक्रम एक प्रतिस्पर्धी मॉडल पर आधारित है। इसमें घरेलू निजी कंपनियां और स्थापित सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाएं एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी। कंपनियों को AMCA डिजाइन को अपनाने की तकनीकी क्षमता और उत्पादन का पर्याप्त अनुभव दिखाना होगा। बोली लगाने वाली सात कंपनियों में से सरकार दो का चयन करेगी। इन कंपनियों को पांच मॉडल बनाने के लिए 15,000 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके बाद विमान बनाने के अधिकार दिए जाएंगे। क्या है प्लान? एएमसीए 2 लाख करोड़ रुपये की विनिर्माण परियोजना है, जिसके तहत 125 से अधिक लड़ाकू जेट विमान बनाए जाने हैं। इन विमानों के 2035 से पहले वायुसेना में शामिल होने के लिए तैयार होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि, ऐसा होते ही भारत पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों वाले देशों की सूची में शामिल हो जाएगा। मई 2025 तक केवल संयुक्त राज्य अमेरिका (F-22 और F-35), चीन (J-20) और रूस (Su-57) के पास ही ये विमान हैं। एएमसीए क्या है? भारत का पहला पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान एकल सीट वाला दो इंजन वाला जेट होगा, जिसमें उन्नत स्टील्थ कोटिंग्स और आंतरिक हथियार कक्ष होंगे, जैसे कि अमेरिकी और रूसी विमानों एफ-22, एफ-35 और एसयू-57 में होते हैं। इसकी परिचालन क्षमता 55,000 फीट होने की उम्मीद है और यह आंतरिक हिस्सों में 1,500 किलोग्राम हथियार और बाहरी हिस्सों में 5,500 किलोग्राम अतिरिक्त हथियार ले जा सकेगा। एएमसीए संभवतः 6,500 किलोग्राम अतिरिक्त ईंधन ले जा सकेगा। दूसरे वर्जन में लगेगा देसी इंजन रिपोर्ट से पता चलता है कि इसके दो संस्करण होंगे। भारत को उम्मीद है कि दूसरे संस्करण में स्वदेशी रूप से विकसित इंजन होगा, जो संभवतः पहले संस्करण में लगे अमेरिकी निर्मित GE F414 से अधिक शक्तिशाली होगा। यह एक बेहद कुशलऔर गुप्त बहुउद्देशीय लड़ाकू जेट होगा। इसमें 21वीं सदी में विकसित प्रमुख तकनीक को शामिल किया गया जाएगा। यह परिचालन में सबसे आधुनिक लड़ाकू जेट हैं। इसमें बेहतर युद्धक्षेत्र सॉफ्टवेयर का उपयोग किया जाता है, जो पायलट को युद्ध क्षेत्र और दुश्मन लड़ाकों के बारे में विस्तृत जानकारी देता है, साथ ही उन्हें बढ़त दिलाने वाली हर चीज भी देता है। सेना को आधुनिक हथियार दे रहा भारत भारत अपने सैनिकों को आधुनिक हथियार देना चाहता है। इसी कड़ी में यह कदम उठाया गया है। भारत ने अप्रैल में फ्रांस की कंपनी डसॉल्ट एविएशन से 26 राफेल-एम लड़ाकू विमान का समुद्री संस्करण खरीदने के लिए 63,000 करोड़ रुपये का सौदा किया। 2031 तक आपूर्ति किए जाने वाले ये विमान पुराने रूसी मिग-29के की जगह लेंगे। वायु सेना पहले से ही 36 राफेल-सी लड़ाकू विमानों का संचालन कर रही है। पिछले एक दशक में भारत ने स्वदेशी रूप से विकसित और निर्मित विमान वाहक पोत, युद्धपोत और पनडुब्बियां भी लॉन्च की हैं। इसके साथ ही लंबी दूरी की हाइपरसोनिक मिसाइलों का परीक्षण भी किया है। राजनाथ सिंह ने भारत में निर्मित हथियारों के उत्पादन को बढ़ावा देने और निर्यात से राजस्व बढ़ाने के लिए 2033 तक कम से कम 100 बिलियन डॉलर के नए घरेलू सैन्य हार्डवेयर अनुबंधों का भी वादा किया है।

पूर्व राष्ट्रपति का खुलासा: दो डॉक्टरों ने संभाला जीवन, RSS में जाति के आधार पर भेदभाव की बात बेबुनियाद

kovind1.jpg

नागपुर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित सालाना दशहरा उत्सव में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि संघ में जातीय भेदभाव नहीं होता, जबकि देश में एक बड़े वर्ग में यह भ्रांति है कि यहां जातीय भेदभाव किया जाता है। नागपुर के ऐतिहासिक रेशमबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके जीवन में नागपुर की दो महान विभूतियों का अहम योगदान है। पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी जिंदगी पर दो डॉक्टरों की अमिट छाप रही है। उनमें एक हैं डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और दूसरे हैं डॉ. बाबा साहब भीमराव आंबेडकर। उन्होंने कहा कि उनके जीवन निर्माण में इन दोनों महान विभूतियों का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक हैं, जबकि डॉ. आंबेडकर ने इस देश को समृद्ध संविधान दिया, जिसकी बदौलत वह एक आमजन होते हुए भी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंच सके। कोविंद ने कहा कि डॉ. आंबेडकर की चिंताएँ और विचार प्रक्रिया डॉ. हेडगेवार द्वारा स्थापित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसी ही थी। उन्होंने कहा कि जैसे आंबेडकर ने समाज के सभी वर्गों को जोड़ने पर जोर दिया था, उसी तरह संघ भी एकात्मता स्तोत्र के जरिए यही संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संघ की समावेशी दृष्टि इसका प्रमाण है। कोविंद ने आगे कहा कि हमारी इस एकता के आधार को बाबा साहब आंबेडकर ने inherent cultural unity (अंतर्निहित सांस्कृतिक एकता) कहा है। उन्होंने कहा कि हमें इसी सांस्कृतिक सामूहिक एकता की आधारशिला को कभी नहीं भूलना चाहिए। अटलजी को भी किया याद पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि डॉ. हेडगेवार ने संघ की स्थापना के लिए सबसे शुभ और सार्थक दिन चुना। अपने संबोधन के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ने डॉक्टर हेडगेवार से लेकर मोहन भागवत तक संघ के अब तक के सफर में सरसंघचालकों के योगदान भी गिनाए। अपने संबोधन के दौरान रामनाथ कोविंद ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को उद्धृत किया और एक सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी ने दलित विरोधी आरोपों पर स्पष्ट किया था कि हम मनुस्मृति के नहीं, बल्कि भीम स्मृति के अनुयायी हैं और यही भारत का संविधान है। भीम स्मृति से तात्पर्य संविधान से है, जिसका निर्माण बाबा साहब आंबेडर ने किया था। संघ से कब हुआ पहला परिचय? कोविंद ने अपने जीवन के उन पलों को भी याद किया जब संघ से उनका पहली बार परिचय हुआ था। उन्होंने कहा कि 1991 में वह कानपुर के घाटमपुर विधानसभा सीट से उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ रहे थे। तब वह भाजपा के उम्मीदवार थे। उसी समय चुनाव प्रचार के दौरान संघ के अधिकारियों और स्वयंसेवकों से उनका पहली बार परिचय हुआ था। कोविंद ने कहा कि संघ के लोगों ने जातिगत भेदभाव से रहित होकर उनका चुनाव प्रचार किया था। उन्होंने दो टूक कहा कि संघ में जातीय आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता बल्कि संघ सामाजिक एकता का पक्षधर रहा है। कोविंद ने कहा कि उनकी जीवन यात्रा में स्वयंसेवकों के साथ जुड़ाव और मानवीय मूल्यों से बड़ी प्रेरणा मिली है और इसका उल्लेख उन्होंने अपनी आत्मकथा में किया है, जो इस साल के अंत तक प्रकाशित हो जाएगी।  

AC के शौकीन सावधान! आंखों में पानी कम होना है चेतावनी का संकेत, अपनाएं ये उपाय

dry eye1.jpg

बुलंदशहर अक्टूबर माह शुरू हो गया है और गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में एसी (एयर कंडीशनर) बराबर चलाया जा रहा है। एसी की ठंडी हवा में रहने की आदत आंखों पर भारी पड़ रही है। एसी की ठंडी हवा आंखों का पानी सोख रही है। ड्राई आई सिंड्रोम के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। आंखों के डाक्टरों के पास पहुंचने वाले 20 प्रतिशत मरीज इसी बीमारी के शिकार हैं। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कालेज के चिकित्सा अधीक्षक डा. धीर सिंह ने बताया कि नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में हर रोज 150 से 180 तक मरीज पहुंचते हैं। इनमें से 20-25 मरीज ड्राई आई सिंड्रोम के हैं। इस तरह एक महीने में लगभग 600 से 750 मरीज पहुंच रहे हैं, जबकि तीन महीने में यह आंकड़ा 2250 तक पहुंच गया। इस सिंड्रोम के सर्वाधिक शिकार कामकाजी लोग हैं। जिनकी उम्र 30 से 50 साल के बीच है। इनमें से अधिकतर वह लोग हैं, जोकि एसी में अधिक समय बिताते हैं। साथ ही ये स्क्रीन टाइम भी अधिक लेते हैं।   मरीजों की केस हिस्ट्री के मुताबिक वे एक दिन में औसतन पांच से सात घंटे का स्क्रीन टाइम ले रहे हैं। इसमें चार घंटे लैपटाप या कंप्यूटर और दो से तीन घंटे मोबाइल पर बिता रहे हैं। यह दोनों कारण आंखों को सुखाकर दिक्कतें देने लगे हैं। बच्चों और बड़ों दोनों में मिल रही यह समस्या  मेडिकल कालेज की नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. दिव्या वर्मा का कहना है कि एयर कंडीशनर ठंडी हवा देने के लिए हवा से नमी सोख लेता है। आसपास का वातावरण शुष्क हो जाता है। इससे आंखें सूख जाती हैं। इसके अलावा खराब खानपान, कम पानी पीना, अधूरी या पर्याप्त नींद न लेना, प्रदूषण भी ड्राईनेस को बढ़ा रहा है। बीते 15 सालों में यह बीमारी लगातार बढ़ रही है। छोटे बच्चों से लेकर कामकाजी तक ड्राई आई सिंड्रोम से पीड़ित हैं। उन्हें तब पता चलता है जब बीमारी बहुत बढ़ जाती है। इन लक्षणों पर हो जाएं सतर्क डाक्टरों के अनुसार ड्राई आई सिंड्रोम के मुख्य लक्षणों में आंखों में पानी आना, चिपकना, आंख में कुछ पड़ा महसूस होना, करकराहट, आंखों में चुभन, लाल आंखें हैं। ध्यान रहे कि सिंड्रोम में आंख का पानी कम और ज्यादा बनना दोनों शामिल है। डायबिटीज, थायराइड और किसी अन्य स्थाई बीमारी वालों को यह दिक्कत जल्दी होती है। दवाओं से सर्जरी तक की नौबत अगर रोग को पहली स्टेज में पकड़ लिया जाए तो दवाइयां और ड्राप से ठीक किया जा सकता है। लेकिन, इसके लिए कोर्निया विशेषज्ञ के पास जाना ही ठीक रहेगा। रोग पकड़ने के लिए स्क्रीनिंग बेहद जरूरी है। महज आंखों को देखकर ही इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है। एक बार अगर रोग बिगड़ गया तो सर्जरी की नौबत भी आ सकती है। बचाव के उपाय एसी की हवा सीधे शरीर पर नहीं आनी चाहिए। तापमान को शरीर से एक-दो डिग्री नीचे रखें। खुले या एसी के बंद स्थान पर चश्मा पहनने से बचाव होता है। पर्याप्त पानी पीते रहें, इसकी कमी से भी आंखें सूख जाती हैं। कंप्यूटर, मोबाइल पर काम करते समय पलकें झपकाते रहें।

सीएम की पहल: वृद्धाश्रम और ‘सियान गुड़ी’ से प्रदेश के बुजुर्गों को मिलेगा बेहतर सहारा

cm sai7.jpg

रायपुर सेवा पखवाड़ा 2025 के तहत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन आज रायपुर के जोरा स्थित कृषि महाविद्यालय परिसर के कृषि मंडपम में किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता समाज कल्याण एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वृद्धजनों के लिए कई अहम घोषणाएं की। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग की ओर से ‘सियान गुड़ी’ बनाई जाएगी, जो जगह-जगह स्थापित की जाएंगी। जिन वृद्धजनों को घर में ठीक से सुविधा नहीं मिल पाती, उन्हें सियान गुड़ी में सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही प्रदेश के चार बड़े शहरों में PPE मॉडल पर वृद्धाश्रम बनाए जाएंगे। रायपुर के अंदर भी एक विशेष सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां पर वृद्धजनों को जो भी चीजें सरकार मुहैया कराती है, उनका मरम्मत किया जाएगा। जब उन्हें फोन व्हीलचेयर दिया जाता है, वह खराब होता है तो उन्हें जगह-जगह भटकना पड़ता है। इस सेंटर के खुलने से उन्हें फायदा होगा।

वेस्टइंडीज की मुश्किलें बढ़ीं, सिराज ने किंग को आउट कर दिलाया भारत को तीसरी सफलता

test1 1.jpg

नई दिल्ली  भारत बनाम वेस्टइंडीज दो मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। मेहमान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मोहम्मद सिराज ने पारी के चौथे ओवर में तेजनारायण चंद्रपॉल को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने 20 के स्कोर पर वेस्टइंडीज को दूसरा झटका कैंपबेल के रूप में दिया है। सिराज ने ब्रैंडन किंग को बोल्ड करके तीसरी सफलता भारत को दिलाई। बता दें, शुभमन गिल ने बताया कि वह दो तेज गेंदबाजों और तीन स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतरेंगे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज होंगे। वहीं स्पिन डिपार्टमेंट का भार उप-कप्तान रवींद्र जडेजा के साथ कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर उठाएंगे। टीम में नीतिश रेड्डी ऑलराउंडर की भूमिका अदा करेंगे।    सिराज ने किंग को किया बोल्ड मोहम्मद सिराज ने खतरनाक नजर आ रहे ब्रैंडन किंग को क्लीन बोल्ड करके वेस्टइंडीज को तीसरा झटका दिया। वे 15 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 13 रन बनाकर आउट हुए। सिराज की ये इस पारी की दूसरी सफलता दी। अंदर आती गेंद को किंग ने छोड़ दिया था और गेंद सीधे स्टंप्स पर जा लगी। सिराज-बुमराह का कहर 9 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 34 रन है। बुमराह और सिराज लगातार वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों से सवाल पूछ रहे हैं। जसप्रीत बुमराह ने दिलाई दूसरी सफलता जसप्रीत बुमराह ने कैंपबेल को आउट कर वेस्टइंडीज को दूसरा झटका दिया है। कैंपबेल कॉट बिहाइंड आउट हुए। हालांकि भारत को किस्मत का साथ भी मिला। गेंद कैंपबेल के बैट और पैड दोनों पर लगी थी, मगर अंपायर ने पाया कि दूसरी स्पाइक बैट की है तो उन्होंने फैसला भारत के हित में सुनाया। सिराज ने वेस्टइंडीज को दिया पहला झटका चौथा ओवर लेकर आए मोहम्मद सिराज ने तेजनरायण चंद्रपॉल को अपने जाल में फंसाया और विकेट के पीछे ध्रुव जुरेल ने शानदार कैच पकड़ा। भारत को 12 के स्कोर पर पहली सफलता मिली।

भारत बनाम वेस्टइंडीज: 23 साल पुराने रिकार्ड को बचाने के लिए टीम तैयार, जानें मैच की पूरी रणनीति

test1.jpg

अहमदाबाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार से शुरु हो रहे पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 23 साल से टेस्ट मैचों में अजेय भारत इस बार भी जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगा। इंग्लैंड में धमाकेदार वापसी करने वाले युवा कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों का साथ पाकर टीम की कमान संभालेंगे। नए खिलाड़ी साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और नितीश रेड्डी टीम में शामिल हैं। भारत की बल्लेबाजी लाइनअप में गहराई और बहुमुखी प्रतिभा है। राहुल और यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करेंगे, सुदर्शन तीसरे नंबर पर, गिल चौथे नंबर पर, रेड्डी, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और खतरनाक स्पिनर कुलदीप यादव निचले क्रम में हैं। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का गेंदबाजी आक्रमण भी खतरनाक है।  बुमराह अपनी गेंदबाजी से, मोहम्मद सिराज अपनी आतिशी गेंदबाजी से और स्पिनर बीच के ओवरों में दमदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं जो कि वेस्टइंडीज के अनुभवी बल्लेबाजों को भी परेशान कर सकता है। वेस्टइंडीज की चुनौती इसलिए बहुत बड़ी है, क्योंकि टीम में शमर जोसेफ और अल्जारी जोसेफ नहीं हैं। ऐसे में जेडन सील्स तेज गेंदबाजी का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि कप्तान रोस्टन चेज, शाई होप, ब्रैंडन किंग और जॉन कैंपबेल को किसी तरह टीम को संभालना होगा। टीम के अधिकांश खिलाड़ियों ने 15 से कम टेस्ट मैच खेले हैं। पिच की बात की जाये तो यहां शुरुआत में रन बनते हैं लेकिन धीरे-धीरे यह टर्न लेती है और बाद में बल्लेबाजों के लिए मुश्किल हो जाती है, खासकर चौथी पारी में। पहली पारी का औसत स्कोर 347 है, दूसरी पारी का 353 है। भारत की संभावित एकादश:- केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), नितीश रेड्डी, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव। वेस्टइंडीज की संभावित एकादश:- टेगनरीन चंद्रपॉल, जॉन कैंपबेल, ब्रैंडन किंग, एलिक एथनाज, रोस्टन चेज (कप्तान), शाई होप (विकेट कीपर), जस्टिन ग्रीव्स, जोहान लेयने, जोमेल वारिकन, जेडन सील्स और एंडरसन फिलिप।  

सुरक्षा और तकनीक: SECR के 15 स्टेशनों में 298 करोड़ रुपये की इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग योजना

3 5.jpg

रायपुर संरक्षित रेल परिचालन को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में रेलवे बोर्ड द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की एक महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई है. इस स्वीकृति के तहत बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत शेष 15 पैनल इंटरलॉकिंग (पीआई) स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) प्रणाली स्थापित की जाएगी. इस कार्य पर लगभग 298.60 करोड़ की लागत आएगी. इन 15 स्टेशनों में बिश्रामपुर, कमलपुरग्राम, अंबिकापुर, मौहारी, हरद, पाराडोल, कोतमा, बिजुरी, करंजी, मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी, घुटकू, कलमीटार, लैंको एवं कुसमुंडा शामिल हैं. भारतीय रेल की स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच के सफल क्रियान्वयन हेतु इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का समावेश अत्यंत आवश्यक है. इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली न केवल ट्रेन परिचालन को अधिक संरक्षित बनाएगी बल्कि यह कवच प्रणाली के साथ सीधे तौर पर एकीकृत होकर वास्तविक समय (रियल टाइम) डेटा साझा करने में सक्षम होगी. रेलवे बोर्ड द्वारा दी गई इस स्वीकृति के पश्चात बिलासपुर मंडल के इन 15 स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और कवच प्रणाली का संयुक्त संचालन रेलवे संरक्षा मानकों को और मजबूत करेगा तथा यात्रियों को सुरक्षित एवं निर्बाध रेल यात्रा सुनिश्चित करेगा. इससे मिलने वाले प्रमुख लाभ     ट्रेन संचालन की अधिक संरक्षा और दक्षता     कवच प्रणाली के साथ सहज एकीकरण     तेज ट्रेन नियंत्रण और आकस्मिक स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया     सम्पूर्ण नेटवर्क की विश्वसनीयता और कायर्कुशलता में वृद्धि

सांसद खेल महोत्सव 2025: खेलों की धूम 15 से 19 नवंबर तक रायपुर में, MP ने किया आयोजन तैयारियों का निरीक्षण

1 33.jpg

रायपुर नगर निगम क्षेत्र में 15 से 19 नवंबर 2025 तक रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव का आयोजन भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर केन्द्र सरकार के खेल मंत्रालय के फिट इंडिया मुव्हमेंट को जनआंदोलन बनाने किया जाएगा. लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय के सामान्य सभा सभागार में पहुंचकर रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, नगर निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे की उपस्थिति में बैठक लेकर रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के आयोजन की रूप रेखा की विस्तृत जानकारी देकर कहा कि रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से रायपुर नगर निगम के सभी 10 जोनो के सभी 70 वार्डो में नागरिको के बीच खेल का वातावरण बनें. लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सांसद खेल महोत्सव में सम्मिलित होने क्यूआर बार कोड को स्कैन कर उसमें दिये गये खेल महोत्सव फार्म को भरवाकर अधिक से अधिक नागरिको को खेलो के प्रति प्रोत्साहित कर सम्मिलित करने कहा है. सांसद ने सभी जोन कमिश्नरो को जोन स्तर पर जोन अध्यक्ष पार्षदो सहित खेल संघो के पदाधिकारियों, खिलाडियो की बैठक लेकर आयोजन में अधिक से अधिक लोगो को जोडने कहा है. सांसद ने रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के आयोजन को भव्य एवं सफल बनाकर इसमें सभी को जोडने जोन स्तर पर 3-4 स्थानो का चयन करने एवं लोगो को इसमें सम्मिलित 13 खेल विधाओ खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केट बॉल, रस्साकसी, भारोत्तोलन, कुश्ती, रोप स्पीकिंग, स्वीमिंग, शरीर सौष्ठव, शतरंज, फुगडी, गेड़ी की जानकारी देकर लोगों को अधिक से अधिक इसमें सम्मिलित करने प्रोत्साहित करने की अपील सभी वार्ड पार्षदो से की है. सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आयुक्त एवं जोन कमिश्नरो को इसमें रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के 15 से 19 नवंबर तक होने जा रहे रायपुर में आयोजन की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने सभी उद्यानो, वाचनालयो, स्कूल, कॉलेजो, दशहरा उत्सव आयोजन स्थलो, सभी क्लबो, निजी स्कूलो, निजी कॉलेजो, महिलाओ, पुरुषो, घर घर अभियान चलाकर इसे भव्य बनाने अपील की है. सांसद ने कहा कि नगर निगम रायपुर के प्रत्येक जोन में कम से कम 4 और 10 जोनों में 40 स्थल मैदान के रूप में चिन्हित कर उसमें रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जाना है. इसके लिए बैनर पोस्टर पाम्पलेट होर्डिंग के जरिए नागरिको को अधिक से अधिक जानकारी दी जानी है. सांसद ने 25 अक्टूबर से 25 नवंबर 2025 तक 1 माह रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के आयोजन को भव्य बनाने व्यापक प्रचार प्रसार करने कहा है. ताकि रायपुर राजधानी शहर में नागरिको के मध्य खेलों के प्रति वातावरण सकारात्मक रूप से तैयार हो सकें और अधिक से अधिक लोग इसमें सम्मिलित हो सके. सभी विद्यार्थियों, युवाओं, छात्र-छात्राओ, पुरुषों, महिलाओं को इससे अवगत कराकर उन्हें महोत्सव में अधिकाधिक सम्मिलित होने आयोजन के फार्म भरने प्रोत्साहित किया जाना है. महापौर मीनल चौबे ने कहा कि आज के मोबाईल डिजिटल युग में नगर निगम रायपुर के सभी 70 वार्ड पार्षद सौभाग्यशाली है कि उन्हें रायपुर नगर निगम की टीम बनाकर रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव में सम्मिलित होने का अवसर मिल रहा है. महापौर ने अपील की कि रायपुर नगर निगम की सभी महिला वार्ड पार्षद अपने वार्ड की रहवासी महिलाओ को आयोजन से अधिक से अधिक जोडे और उसके लिए बारकोड को स्कैन करवाकर फॉर्म भरवाकर आयोजन को भव्यता देने सहभागी बने. सभी पुरूष पार्षद पुरुषो को जानकारी अधिकाधिक दें और टीम तैयार कर उन्हें महोत्सव से अधिक से अधिक संख्या में जोड़े. इसके लिए डेढ़ माह के समय का सभी पार्षदगण पूर्ण सदूपयोग अपने वार्ड में करें जिससे आयोजन भव्य और सफल बने. सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानो में जोन के अधिकारी रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के रायपुर में 14 से 19 नवंबर तक के आयोजन की जानकारी जन-जन को देने बड़ी विज्ञापन होर्डिंग लगवाए. उन्हें स्कूल कालेजों के आस पास भी लगवाया जाए ताकि विद्यार्थी और युवा इसे देखकर जानकारी लेकर फार्म भरे. साथ ही अधिकाधिक संख्या में सम्मिलित हो सके. ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि इस आयोजन में क्षेत्र की आमजनता को अधिक से अधिक जोड़ने के कार्य में निश्चित ही सभी पार्षदों को काफी आनंद आएगा, इससे महौल खेल में बनेगा. बड़े आकार के पोस्टर लगाकर पूरे राजधानी शहर में रायपुर में होने वाले आयोजन की जानकारी सभी राजधानीवासियों तक पहुंचाये. दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि नगर निगम कमिश्नर, सभी पार्षदों और जोन कमिश्नर सुनिश्चित करें कि रायपुर लोकसभा सासंद खेल महोत्सव में 1 नवंबर 2025 से होने वाले राज्योत्सव आयोजन तक. इसमें सम्मिलित होने वाले खिलाड़ियो की विभिन्न खेलों की सूची तैयार हो जाए. महोत्सव को अधिकाधिक सफल बनाने विकेन्द्रीकरण प्रणाली से कार्य करे और सभी वार्ड पार्षद अपने वार्ड में खिलाड़ी युवाओ की टीम महोत्सव से उन्हे जोड़कर तैयार करें. उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के आयोजन में सभी लोग अधिकाधिक संख्या में शामिल हो. सभी खूब खेलें और आगे बढ़े ऐसा संकल्प लेकर कार्य करें. रायपुर उत्तर विधायक ने नागरिको को विजयादशमी पर्व 2025, 2 अक्टूबर को रायपुर के डब्ल्यूआरएस मैदान और रावणभाठा मैदान में हो रहे भव्य दशहरा उत्सव आयोजन में परिजनो सहित आकर सम्मिलित होने की अपील की. आयोजन को लेकर एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, पार्षद ट राजेश गुप्ता, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त किए. जोन 5 जोन के अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को रायपुर नगर निगम के 70 वार्डो में वार्ड पार्षदों को मूलभूत विकास कार्य करवाने के लिए हर वार्ड के लिए 50-50 लाख रू. देने की घोषणा की. साथ ही उपमुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री अरूण साव से पहल कर मंच से करवाने के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया. लोकसभा सांसद ने सभी 70 वार्ड पार्षदो को बधाई दी और आयुक्त सहित सभी जोन कमिश्नरो को वार्ड पार्षदों से समन्वय रखकर शीघ्र प्रत्येक वार्ड में मूलभूत विकास कार्य करवाने 50-50 लाख के प्रस्ताव तैयार करके शीघ्र नगरीय प्रशासन विभाग में भेजने निर्देशित किया. ताकि शीघ्र उपमुख्यमंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश पर राशि विकास करने वार्डों के लिए नगर निगम रायपुर को प्राप्त हो सके. आयुक्त विश्वदीप … Read more

कंफ्यूजन खत्म! जानें धनतेरस 2025 की सही तारीख और शुभ मुहूर्त

2 574.jpg

धनतेरस का त्योहार दिवाली के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत का प्रतीक है. इस साल, धनतेरस की सही तारीख को लेकर लोग अक्सर असमंजस में हैं कि यह 18 अक्टूबर को है या 19 अक्टूबर को. इस लेख में, हम आपकी सभी शंकाओं को दूर करेंगे और धनतेरस के महत्व, पूजा विधि और शुभ मुहूर्त के बारे में विस्तार से बताएंगे. 18 या 19 अक्टूबर, कब है धनतेरस? द्रिक पंचांग के अनुसार, धनतेरस त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है. इस बार त्रयोदशी तिथि की शुरुआत 18 अक्टूबर, शनिवार को दोपहर 12 बजकर 18 मिनट पर होगी और इसका समापन 19 अक्टूबर, रविवार को दोपहर 1 बजकर 51 मिनट पर होगा. हिंदू धर्म में उदयातिथि को विशेष महत्व दिया जाता है, यानी वह तिथि जो सूर्योदय के समय मौजूद हो. इस साल, 18 अक्टूबर को सूर्योदय के समय त्रयोदशी तिथि प्रारंभ हो जाएगी. इसलिए, धनतेरस का पर्व शनिवार, 18 अक्टूबर 2025 को ही मनाया जाएगा. धनतेरस पूजा का शुभ मुहूर्त धनतेरस पर पूजा का विशेष महत्व होता है. इस दिन भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा की जाती है. पूजा के लिए शुभ मुहूर्त का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. इस साल, पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 7 बजकर 16 मिनट से रात 8 बजकर 20 मिनट तक रहेगा. पूजा की कुल अवधि 1 घंटा 4 मिनट है. इस दौरान आप धन की देवी लक्ष्मी, धन के देवता कुबेर और स्वास्थ्य के देवता धन्वंतरि की पूजा करके उनका आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं. क्यों मनाते हैं धनतेरस? महत्व और मान्यताएं धनतेरस को धनत्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है. इस दिन भगवान धन्वंतरि का जन्म हुआ था, जिन्हें आयुर्वेद का जनक और देवताओं का वैद्य माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान धन्वंतरि देव अपने हाथों में अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे. यही कारण है कि इस दिन बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है. धनतेरस के दिन सोने, चांदी, और नए बर्तनों की खरीदारी करना एक परंपरा है. ऐसी मान्यता है कि इस दिन की गई खरीदारी से धन में 13 गुना वृद्धि होती है. यह त्योहार समृद्धि, स्वास्थ्य और सौभाग्य का प्रतीक है. धनतेरस की पूजा विधि पूजा से पहले घर और पूजा स्थल की अच्छी तरह से साफ-सफाई करें. पूजा के लिए एक चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं. चौकी पर भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें. पूजा से पहले धन्वंतरि देव के लिए एक दीपक जलाएं. यह दीपक स्वास्थ्य और समृद्धि का प्रतीक है. पूजा करते समय ‘ॐ धन्वंतराय नमः’ और ‘ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद श्रीं ह्रीं श्रीं ॐ महालक्ष्मयै नमः’ जैसे मंत्रों का जाप करें.भगवान को फल, फूल, मिठाई, और धनिया के बीज (जिसे धन का प्रतीक माना जाता है) अर्पित करें. पूजा के बाद धनतेरस की कथा अवश्य सुनें. शाम के समय घर के बाहर यम देवता के लिए एक बड़ा दीपक जलाएं. इसे यम दीप कहा जाता है, जो अकाल मृत्यु से बचाता है.