Public Sootr

लहर खबरों की

Public Sootr

Writer News & Blogger

न सांसद, न मंत्री फिर भी मिला बंगला! केजरीवाल को मिला नया सरकारी पता

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आखिरकार एक साल की लंबी प्रतीक्षा और दिल्ली हाईकोर्ट की सख्ती के बाद केंद्र सरकार ने लोधी एस्टेट में टाइप-VII श्रेणी का बंगला आवंटित कर दिया है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को आवंटित हुए 95, लोधी एस्टेट के इस भव्य निवास ने केजरीवाल की दिक्कत दूर कर दी है. यह आवंटन राष्ट्रीय पार्टी के संयोजक के तौर पर केजरीवाल के हक को मान्यता देता है, लेकिन इसकी प्रक्रिया ने राजनीतिक विवादों और न्यायिक हस्तक्षेप को जन्म दिया. केजरीवाल ने सितंबर 2024 में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद अक्टूबर में वे अपने आधिकारिक निवास 6, फ्लैगस्टाफ रोड से बाहर निकल आए. तब से वे आप के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के सरकारी बंगले पर रह रहे थे. फ्लैगस्टाफ रोड वाले बंगले के नवीनीकरण में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा ने आप पर शीश महल बनाने का आरोप लगाया था, जो राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बिंदु बना. क्यों मिला बंगला? राष्ट्रीय पार्टी के संयोजक के रूप में केजरीवाल को दिल्ली में सरकारी आवास का अधिकार था, लेकिन आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के भूमि निदेशालय (डायरेक्टोरेट ऑफ एस्टेट्स) की ओर से देरी के कारण मामला अदालत पहुंच गया. जुलाई 2014 की डायरेक्टोरेट ऑफ एस्टेट्स की नीति स्पष्ट रूप से राष्ट्रीय पार्टियों के अध्यक्षों या संयोजकों को आवास का प्रावधान करती है, लेकिन प्रकार निर्दिष्ट नहीं है. केजरीवाल के वकील सीनियर एडवोकेट राहुल मेहरा ने हाईकोर्ट में तर्क दिया कि ऐतिहासिक रूप से राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्षों को टाइप-VII बंगला मिलता रहा है. उन्होंने कहा कि आज वे मुझे टाइप-VI में नहीं धकेल सकते. क्या उचित है? मुझे स्पष्ट निर्देश चाहिए. मैं कोई चहेता नहीं हूं, बीएसपी की तरह नहीं. लेकिन नीति में निष्पक्षता होनी चाहिए. उनका इशारा बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की अध्यक्ष मायावती की ओर था, जिन्हें 35, लोधी एस्टेट आवंटित किया गया था. मायावती ने मई 2025 में यह बंगला खाली कर दिया, जबकि फरवरी 2024 में 29, लोधी एस्टेट को बीएसपी कार्यालय के रूप में बदल दिया गया था. हाईकोर्ट में चला केस दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र की इस देरी पर कड़ी नाराजगी जताई. 16 सितंबर 2025 को जस्टिस सचिन दत्ता ने कहा कि आवंटन किसी की मनमानी पर नहीं हो सकता, बल्कि पारदर्शी नीति पर आधारित होना चाहिए. कोर्ट ने केंद्र से नीति, वर्तमान वेटिंग लिस्ट और आवंटनों का हलफनामा मांगा. 18 सितंबर को सुनवाई के दौरान पता चला कि आप द्वारा सुझाए गए 35, लोधी एस्टेट को जुलाई में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को आवंटित कर दिया गया था. कोर्ट ने इसे “स्वतंत्र प्रणाली” करार दिया और चेतावनी दी कि आवंटन चुनिंदा नहीं हो सकता. 25 सितंबर को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने आश्वासन दिया कि 10 दिनों में “उचित” आवास आवंटित हो जाएगा. सोमवार को यह वादा पूरा हुआ.यह मामला केवल केजरीवाल की व्यक्तिगत सुविधा का नहीं, बल्कि राजनीतिक आवास नीति की पारदर्शिता का प्रतीक बन गया. विपक्ष ने इसे केंद्र की “राजनीतिक बदले की भावना” बताया, जबकि भाजपा ने आप की “विलासिता” पर सवाल उठाए. आप नेता ने इसे “न्याय की जीत” कहा, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं की. लोधी एस्टेट, दिल्ली का प्रतिष्ठित इलाका, जहां टाइप-वीआईआई बंगला सरकारी आवासों की दूसरी सबसे बड़ी श्रेणी है, अब केजरीवाल का नया ठिकाना बनेगा. यह घटना राष्ट्रीय पार्टियों के नेताओं के लिए आवास नीति में सुधार की मांग को तेज कर सकती है.  

देश के कई हिस्सों में बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने दी आकाशीय बिजली से सतर्क रहने की सलाह

रायपुर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं सरगुजा संभाग में कुछ स्थानों पर रिमझिम बरसात का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को राजधानी रायपुर में 8.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम 22.5 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से क्रमशः 1.6 डिग्री और 1.4 डिग्री कम रहा। अगले 48 घंटों तक प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इसका सबसे अधिक असर सरगुजा संभाग के जिलों पर पड़ेगा। रायपुर शहर के लिए विभाग ने बताया है कि मंगलवार को आकाश सामान्यतः मेघमय रहेगा, साथ ही बिजली कड़कने के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान लगभग 31डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अगले एक दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बने रह सकता है। 7 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन की संभावना है। आठ अक्टूबर को बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। नौ अक्टूबर से बादल तो रहेंगे पर बारिश नहीं होगी। मौसम शांत रहेगा, हवा हल्की चलेगी। दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी। प्रमुख बारिश आंकड़े (मिमी में) नारायणपुर – 60, फरसगांव – 60, हरदी बाजार – 50, मुंगेली – 40, विनोरा – 40, माना रायपुर – 40, देवभोग – 40, सकोला – 40, कुकरेल – 40, मंपदर हसौद – 30, अंमतरढ़ चौकी – 30, खरोरा – 30, रायपुर शहर – 30, महासमुंद – 30, चारामा – 30, मरवाही – 30 मिमी। तापमान की स्थिति प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 31.8 डिग्री दुर्ग में और सबसे कम 21.0 डिग्री राजनांदगांव में दर्ज किया गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और पेण्ड्रारोड में 30.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए चेतावनी जारी की है। प्रदेश के कुछ इलाकों में मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में निम्नदाब के कारण बदली परिस्थितियां मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान का कहना है कि अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में मानसूनी गतिविधियां इस साल कम होने के संकेत मिले थे, लेकिन बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने से परिस्थितियां बदल गई। यही कारण है कि इन दिनों मध्य छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है।

EOW की 1500 पेज की चार्जशीट में बड़ा नाम: कस्टम मिलिंग घोटाले के मास्टरमाइंड बताए गए पूर्व IAS अनिल टूटेजा

रायपुर कस्टम मिलिंग घोटाला मामले में ईओडब्ल्यू ने सोमवार को विशेष कोर्ट में सेवानिवृत्त आइएएस अनिल टुटेजा और होटल कारोबारी अनवर ढेबर के खिलाफ करीब 1500 पन्नों का पूरक चालान पेश किया। दोनाें आरोपित फिलहाल रायपुर केंद्रीय जेल में बंद हैं। इससे पहले जांच एजेंसी ने फरवरी 2025 में राइस मिल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रहे रोशन चंद्राकर और मार्कफेड के पूर्व एमडी मनोज सोनी के खिलाफ प्रथम चालान प्रस्तुत किया था। ईओडब्ल्यू ने पूरक चालान में अनिल टुटेजा पर प्रदेश राइस मिलर एसोसिएशन के पदाधिकारियाें के साथ मिलकर प्रारंभ से आपराधिक षडयंत्रपूर्वक कस्टम मिलिंग घोटाले को अंजाम देने का आरोप लगाया है। ईओडब्ल्यू की ओर से पेश किए गए चालान में कहा गया कि राइस मिलराें से अवैध वसूली कर 20 करोड़ रूपये प्राप्त किया गया है। राइस मिलरों से अवैध वसूली करने मार्कफेड के जिला विपणन अधिकारियाें पर दबाव बनाकर राइस मिलरों का बिल लंबित रखा जाता था। दबाव में आकर मिलर 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अवैध रकम देते थे। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में प्रभावशाली रहे अनवर ढेबर ने वर्ष 2022-23 में जमकर मनमाने काम किए। आयकर विभाग के छापे के दौरान प्राप्त डिजिटल सबूतों से इस बात के प्रमाण मिले हैं कि वह न केवल शराब घोटाले बल्कि पीडब्ल्यूडी, वन विभाग पर भी गहरा व प्रत्यक्ष प्रभाव डालते थे। अनवर ढेबर के द्वारा कस्टम मिलिंग घोटाले में अनिल टुटेजा के लिए राइस मिलराें से की गई अवैध वसूली का संग्रहण, खर्च और निवेश का उपभोग किया था। घोटाले में शामिल कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल एवं अन्य आरोपितों के विरूद्ध विवेचना जारी है। जनवरी 2024 को ईओडब्ल्यू ने दर्ज की थी FIR ईडी के बाद ईओडब्ल्यू ने कस्टम मिलिंग घोटाले में 29 जनवरी 2024 को पहली एफआइआर दर्ज की। इसमें रोशन चंद्राकर, मनोज सोनी, सेवानिवृत्त आइएएस अनिल टुटेजा, अनवर ढेबर, सिद्धार्थ सिंघानिया, कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल आदि के नाम शामिल हैं। ईओडब्ल्यू की जांच में साफ हुआ कि कस्टम मिलिंग की राशि मिलर्स को देने के नाम पर यह वसूली की गई है। वर्ष 2020-21 से पहले कस्टम मिलिंग के बदले मिलर्स को प्रति क्विंटल 40 रुपये भुगतान किया जाता था। मिलर्स की मांग पर कांग्रेस सरकार ने इस राशि को तीन गुना बढ़ाया। आरोप है कि राइस मिलरों से 140 करोड़ रुपए से ज्यादा की अवैध वसूली की गई। इस खेल में अफसरों से लेकर मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तक शामिल थे। राइस मिल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रहे रोशन चंद्राकर लेवी वसूलकर अफसरों को जानकारी देते थे। जिनसे मिलरों से रुपये नहीं मिलते उनका भुगतान रोक दिया जाता था।

वनडे मैच में ट्रिपल सेंचुरी का करिश्मा! हरजस सिंह की 314 रनों की पारी से रिकॉर्ड्स ध्वस्त

नई दिल्ली भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हरजस सिंह ने 50 ओवरों के क्रिकेट में ट्रिपल सेंचुरी लगाकर तहलका मचा दिया. उन्होंने 141 गेंदों में 314 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें 35 छक्के भी जड़े. पिछले साल हरजस ने भारत के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में धांसू पारी खेली थी, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रनों से हराया था. हरजस एकमात्र बल्लेबाज थे, जिसने उस खिताबी मुकाबले में अर्धशतक जड़ा था. हरजस सिंह ने अब ऑस्‍ट्रेलिया में घरेलू ग्रेड क्रिकेट में ये ताबड़तोड़ पारी खेली. जो भी गेंदबाज उनके सामने आया, उन्होंने उसकी जमकर कुटाई की. हरजस ने वेस्टर्न सबर्ब्स क्लब के लिए खेलते हुए सिडनी क्रिकेट क्लब के खिलाफ यह ऐतिहासिक पारी खेली. 50 ओवरों के फॉर्मेट में पहली ट्रिपल सेंचुरी ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स प्रीमियर फर्स्ट-ग्रेड क्रिकेट में ट्रिपल सेंचुरी लगाने हरजस सिंह सिर्फ तीसरे खिलाड़ी हैं. उनसे पहले फिल जैक्स (321) और महान विक्टर ट्रंपर (335) ऐसा कर चुके हैं. लेकिन बड़ी बात ये हैं कि हरजस ने ये ट्रिपल सेंचुरी 50 ओवरों के फॉर्मेट में लगाई. ये 50 वो के क्रिकेट में इतिहास की पहली ट्रिपल सेंचुरी है. चंडीगढ़ के रहने वाले हैं माता-पिता हरजस सिंह का जन्म सिडनी में हुआ, लेकिन उनकी जड़ें भारत से जुड़ी हुई हैं. उनके माता-पिता मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले हैं और साल 2000 में भारत से ऑस्ट्रेलिया जाकर बस गए थे. बता दें कि उनके पिता इंद्रजीत सिंह एक स्टेट लेवल बॉक्सिंग चैंपियन रह चुके हैं, जबकि उनकी मां स्टेट लॉन्ग जंपर रही हैं. हरजस ने क्रिकेट को अपना करियर चुना, वह 8 साल की उम्र से क्रिकेट खेल रहे हैं. भारत से छीनी थी ट्रॉफी ! भारत के खिलाफ हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में हरजस सिंह ने 64 गेंदों में 55 रनों की पारी खेली थी. इस पारी में उन्होंने 3 छक्के और इतने ही चौके लगाए थे. उनके आलावा इस फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का और भारत का कोई भी प्लेयर अर्धशतक नहीं लगा पाया था. ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच को 79 रनों से जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की थी.  

कॉमेडी क्वीन भारती सिंह का बेबी बंप वायरल, 41 की उम्र में दूसरी बार मां बनने की तैयारी!

मुंबई कॉमेडियन भारती सिंह ने अपने फैंस के साथ बड़ी खुशखबरी साझा की है। भारती और उनके पति हर्ष लिंबाचिया जल्द ही दोबारा माता-पिता बनने वाले हैं। कपल ने सोशल मीडिया पर एक प्यारी सी तस्वीर शेयर कर अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया, जिसके बाद उन्हें बधाइयों की झड़ी लग गई है। भारती सिंह और हर्ष ने साल 2017 में शादी की थी और अप्रैल 2022 में अपने पहले बेटे का स्वागत किया था, जिसका नाम लक्ष्य लिम्बाचिया (निकनेम गोला) है। अपने व्लॉग्स और पॉडकास्ट्स में दोनों अक्सर दूसरे बच्चे की इच्छा जताते रहे हैं। आखिरकार भारती ने 6 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा 'हम फिर से प्रेग्नेंट हैं।' इस तस्वीर में हर्ष अपनी पत्नी को गले लगाते नजर आ रहे हैं, जबकि भारती कैजुअल आउटफिट में अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट कर रही हैं। यह फोटो किसी खूबसूरत आउटडोर लोकेशन पर क्लिक की गई है, जो कपल की हालिया ट्रिप की झलक देती है। भारती और हर्ष की इस गुड न्यूज पर सेलेब्स और फैंस ने जमकर प्यार लुटाया। परिणीति चोपड़ा, दिव्या अग्रवाल, नीति टेलर, दृष्टि धामी, पार्थ समथान, अदिति भाटिया, जेमी लीवर, दीपिका सिंह, शिल्पा शिरोडकर और विशाल पांडे समेत कई सितारों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। बता दें, इस साल की शुरुआत में भारती ने दूसरी प्रेग्नेंसी की अफवाहों को खारिज किया था। उस वक्त उन्होंने कहा था कि वह अपने बेटे गोला के लिए एक भाई या बहन चाहती हैं और 2025 में फैमिली बढ़ाने का प्लान कर रही हैं। उन्होंने कहा था, 'गोला अब तीन साल का है, इसलिए यह सही समय है कि वह एक भाई या बहन पाए। बस दुआ कीजिए कि जल्द ही यह ख्वाहिश पूरी हो।'

छत्तीसगढ़ की वैश्विक प्रस्तुति: उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने जर्मनी में किया राज्य का प्रतिनिधित्व

रायपुर विश्व के सबसे बड़े खाद्य प्रदर्शनी आयोजन “अनुगा, जर्मनी” में मंत्री स्तरीय बैठक में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री  लखन लाल देवांगन ने किया। आयोजन स्थल पर आयोजकों द्वारा मंत्री  देवांगन का स्वागत किया गया। इस अवसर पर Koelnmesse GmBH के COO  ओलिवर फ्रेस्से से मंत्री  देवांगन की भेंट हुई। मंत्री  देवांगन ने रायपुर में अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी के आयोजन के संबंध में सार्थक संवाद किया। इसके साथ ही,  मिलिंद दीक्षित – प्रबंध निदेशक, Koelnmesse GmBH, भारत एवं सार्क देशों तथा  समीर मितिया – समूह निदेशक, Koelnmesse GmBH के साथ भी बैठक हुई। बैठक में मा मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में बनी  छत्तीसगढ़ राज्य के नवीन औद्योगिक विकास नीति और औद्योगिक परिदृश्य की जानकारी उद्योग मंत्री ने दी तथा राज्य द्वारा औद्योगिक पार्कों, विशेष रूप से खाद्य पार्कों में निवेश हेतु दी जा रही प्रोत्साहन योजनाओं और सुविधाओं की उपलब्धियों को रेखांकित किया। औद्योगिक विकास नीति 2024-30 का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। राज्य गैर-बासमती चावल, इमली एवं मूल्य संवर्धित वन उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु निवेश आकर्षित करने हेतु संवाद किया। इस अवसर पर उद्योग विभाग के डायरेक्टर  प्रभात मालिक भी उपस्थित रहे।

Galaxy M17 5G जल्द होगा लॉन्च, Samsung ला रहा है सस्ता 5G फोन दमदार फीचर्स के साथ

मुंबई  Samsung Galaxy M17 5G भारत में लॉन्च होने वाला है. ये कंपनी का लेटेस्ट फोन होगा, जो M-सीरीज में लॉन्च होगा. कंपनी ने इसका आधिकारिक पोस्टर शेयर कर दिया है, जिसमें इसके डिजाइन और कलर ऑप्शन को रिवील किया गया है. हैंडसेट ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Amazon पर उपलब्ध होगा.  स्मार्टफोन में AMOLED डिस्प्ले मिलेगा, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट के साथ आएगा. इसमें 50MP के मेन लेंस वाला ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा. कंपनी इस फोन को Samsung Galaxy M16 5G के सक्सेसर के तौर पर लॉन्च कर रही है. आइए जानते हैं इस हैंडसेट की डिटेल्स.  कब लॉन्च होगा स्मार्टफोन?  Samsung Galaxy M17 5G को कंपनी 10 अक्टूबर को लॉन्च करने वाली है. ये फोन ऐमेजॉन पर उपलब्ध होगा. कंपनी ने इसका टीजर भी ऐमेजॉन पर जारी किया है. स्मार्टफोन दो कलर ऑप्शन मूनलाइट सिल्वर और सफायर ब्लैक में मिलेगा. सैमसंग ने इसका अलग से पेज भी लाइव किया है, जिस पर जरूरी स्पेसिफिकेशन्स दिए गए हैं.  क्या होंगे स्पेसिफिकेशन्स?  Samsung Galaxy M17 5G में 6.7-inch का Super AMOLED डिस्प्ले मिलेगा, जिसकी प्रोटेक्शन के लिए गोरिल्ला ग्लास विक्टस का इस्तेमाल किया गया है. स्मार्टफोन IP54 रेटिंग के साथ आएगा. इसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया जाएगा, जिसका प्राइमरी सेंसर 50MP का होगा.  इसके अलावा 5MP का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 2MP का मैक्रो सेंसर मिलेगा. कैमरा OIS सपोर्ट के साथ आएगा. फ्रंट में 13MP का कैमरा मिलेगा. हैंडसेट में AI पावर्ड फीचर्स भी होंगे. इसमें सर्किल टू सर्च और Gemini Live जैसे फीचर्स मिलेंगे. फोन की मोटाई 7.5mm होगी.  ये फोन Galaxy M16 5G का अपग्रेड होगा. ये स्मार्टफोन 11,499 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुआ था. संभव है कि M17 5G की कीमत भी 15 हजार रुपये से कम होगी. हालांकि, फोन की आधिकारिक कीमत का खुलासा 10 अक्टूबर को होगा.

EOW की जांच में शिल्पा शेट्टी से 4.5 घंटे तक सवाल-जवाब, 60 करोड़ के घोटाले से जुड़ी पूछताछ

मुंबई  मुंबई पुलिस की EOW ने 60 करोड़ के कथित फ्रॉड मामले में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी का बयान दर्ज किया. मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिल्पा शेट्टी से लगभग 4 घंटे 30 मिनट तक पूछताछ की गई और उनका बयान दर्ज किया गया. EOW के अधिकारी ने कहा कि पूछताछ शिल्पा के घर पर की गई. इस दौरान शिल्पा ने अपनी एडवरटाइजिंग कंपनी के बैंक अकाउंट से जुड़े कथित लेनदेन की जानकारी पुलिस को दी. उन्होंने कई दस्तावेज भी पेश किए, जिन्हें पुलिस जांच रही है. बॉम्बे हाई कोर्ट ने बुधवार को शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा को कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था. कपल LOC (लुकआउट सर्कुलर) के निलंबन की याचिका लेकर कोर्ट गया था. यह LOC उनके थाईलैंड के फुकेत में लीजर ट्रिप के लिए यात्रा करने पर जारी की गई थी. 60 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी का मामला कपल की तरफ से एडवोकेट निरंजन मुंडारगी और केरल मेहता ने बताया कि अक्टूबर 2 से 5 तक फुकेत की यात्रा के लिए उनके पास ट्रैवल और स्टे की बुकिंग है. कपल ने कहा कि पिछले मामले के बावजूद वे हमेशा EOW के साथ सहयोग करते हुए विदेश यात्रा करते रहे हैं. मामला 60 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी से जुड़ा है, जिसमें कपल की अब बंद हुई कंपनी Best Deal TV Pvt. Ltd. शामिल है. यह केस दीपक कोठारी, डायरेक्टर UY Industries Pvt. Ltd. ने दर्ज कराया. उन्होंने दावा किया कि 2015 से 2023 के बीच राज कुंद्रा और शिल्पा ने उन्हें कंपनी में निवेश के लिए प्रेरित किया और उन्होंने 60,48,98,700 रुपये का निवेश किया. शिल्पा ने इस निवेश के लिए व्यक्तिगत गारंटी भी दी थी. अपनी आगे की यात्रा की भी शिल्पा ने दी जानकारी राज कुंद्रा ने बताया कि उन्होंने 15 सितंबर को EOW के समन पर उपस्थित होकर पूछताछ में भाग लिया. मुख्य न्यायाधीश चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति गौतम ए अंखड़ की बेंच ने राज्य की ओर से पेश पब्लिक प्रॉसिक्यूटर मंकुनवार देशमुख को कपल की याचिका पर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया. कपल ने कोर्ट को बताया कि अक्टूबर 21-24 को उन्हें लॉस एंजेल्स, 26-29 अक्टूबर को कोलंबो और मालदीव, और 20 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 तक दुबई और लंदन यात्रा करनी है. EOW का जवाब 8 अक्टूबर तक दाखिल किया जाएगा, जब कोर्ट दोबारा याचिका पर सुनवाई करेगा.

जशपुर को सीएसआर फंड से बड़ी मदद, पहली बार 61 करोड़ मंजूर – विकास की नई ऊँचाइयों की ओर जिला

रायपुर : सीएसआर फंड से जशपुर को 61 करोड़ रूपए मिला पहली बार : अस्पताल और तीरंदाजी केंद्र और स्कूल भवनों का होगा निर्माण 6 करोड़ 19 लाख से होगा आठ स्कूलों भवनों का निर्माण दो साल में विकास की नई उंचाई छू रहा है जिला जशपुर  रायपुर पहली बार सीएसआर फंड से 61 करोड़ की राशि विकास कार्याे के लिए जशपुर जिले को आबंटित की गई है। इस राशि से जिले में स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा और खेल के बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए उपयोग किया जा रहा है। लगभग दो साल पहले जब जशपुर के बगिया के लाल विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पदभार सम्हाला था तो जिलेवासियों को पिछड़ेपन से मुक्ति की नई उम्मीद जागी थी। मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले जिला प्रवास के दौरान सीएम विष्णुदेव साय ने जिलेवासियों को वायदा भी किया था कि जिले के विकास की ऐतिहासिक रोडमैप तैयार की जाएगी। अपने इस वायदे को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री ने तेजी से कदम बढ़ा रहे है। लगभग दो साल पहले जब जशपुर के बगिया के लाल विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पदभार सम्हाला था तो जिलेवासियों को पिछड़ेपन से मुक्ति की नई उम्मीद जागी थी। मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले जिला प्रवास के दौरान सीएम विष्णुदेव साय ने जिलेवासियों को वायदा भी किया था कि जिले के विकास की ऐतिहासिक रोडमैप तैयार की जाएगी। अपने इस वायदे को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री ने तेजी से कदम बढ़ा रहे है। 35 करोड़ से बन रहा है आधुनिक अस्पताल           35 करोड़ की लागत से जिला मुख्यालय जशपुर में सौ बिस्तर की क्षमता वाली अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। निर्माणाधीन स्व. जगदेव राम उरांव स्मृति चिकित्सालय को संचालित करने की जिम्मेदारी वनवासी कल्याण आश्रम को दी गई है।  इस अस्पताल भवन के निर्माण का कार्य रायगढ़ रोड में कल्याण आश्रम अस्पताल के प्रांगण में तेजी से चल रहा है। स्वीकृत राशि मेें से 17 करोड़ का प्रावधान किया गया है। अगले साल 2026 तक इस भवन का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी प्रकार 18 करोड़ की राशि इस आधुनिक अस्पताल में आवश्यक चिकित्सकीय उपकरणों और भौतिक संसाधन जुटाने के लिए किया जाएगा। इस अस्पाताल में मरीजों के लिए सीटीस्कैन, एमआरआई, आईसीयू, आईसीसीयू, डायलिसिस, आपातकालीन चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अस्पताल के लिए चिकित्सक, नर्सिंग और प्रशासनिक स्टाफ के लिए भर्ती प्रक्रिया भी चल रही है। अस्पताल के चालू हो जाने से जिलेवासियों को उपचार के लिए अंबिकापुर, रांची, झारसुगड़ा, रायपुर जैसे दूरस्थ शहर की दौड़ लगाने से मुक्ति मिल सकेगी।  20 करोड़ से तैयार होगा तीरंदाजी केंद्र           जिले में तीरंदाजी केंद्र के निर्माण के लिए सीएसआर फंड से 20.53 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी गई है। एनटीपीसी के सीएसआर फंड से इस तीरंदाजी केंद्र के निर्माण के लिए जिला प्रशासन ने सन्ना में जमीन तय कर ली है। इस आवासीय तीरंदाजी केंद्र में खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधनों के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षक उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का लक्ष्य दिवंगत कुमार दिलीप सिंह जूदेव के सपने का मूर्त रूप देते हुए पहाड़ी कोरवाओं के धर्नुविद्या को निखार कर राष्ट्रीय ओैर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं येाग्य बनाना है। वर्तमान में खनिज न्यास निधि के सहयोग से एकलव्य अकादमी का संचालन किया जा रहा है। इस अकादमी में तीरंदाजी के साथ ताईक्वांडो और तैराकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सन्ना में तीरंदाजी केंद्र के शुरू हो जाने से जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधनों से लैस बड़ी सुविधा मिल सकेगी, जिससे खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा की चमक बिखेरने का अवसर मिल  सकेगा।  आठ स्कूल भवन का होगा निर्माण            सीएसपीटीसीएल के सीएसआर फंड से जिले में 8 स्कूल भवनों के निर्माण के लिए 6 करोड़ 19 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें फरसाबहार ब्लाक में पंडरीपानी, गारीघाट, कंदईबहार, कांसाबेल ब्लाक में बांसबहार, कुनकुरी ब्लाक में गिनाबहार, लोधमा, बगीचा ब्लाक में टटकेला और दुलदुला में नया स्कूल भवन का निर्माण किया जाएगा। इन स्कूल भवनों के निर्माण से जिले के छात्रों को बेहतर सुविधा के साथ गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिल सकेगी।

कतर में भी चलेगा भारत का UPI, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल बोले- \’द्विपक्षीय संबंधों की नई ऊंचाई\’

नई दिल्ली भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी यूपीआई (UPI) का डंका दुनिया में बज रहा है. अब इसका इस्तेमाल करने वाले देशों की लिस्ट में कतर भी शामिल हो गया है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल (Piyush Goyal) ने राजधानी दोहा के लुलु मॉल में यूपीआई सिस्टम लॉन्च किया. मतलब अब वहां आसानी से क्यूआर कोड के जरिए पेमेंट किया जा सकता है. इस लॉन्च के मौके पर उन्होंने कहा कि यूपीआई न सिर्फ डिजिटल पेमेंट का एक तरीका है, बल्कि ये भारतीय इनोवेशन और तकनीक की ताकत का प्रतीक भी है.  भारत-कतर की बढ़ती साझेदारी का प्रतीक दो दिवसीय कतर दौरे के दौरान केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल वहां यूपीआई सिस्टम लॉन्च किया. उन्होंने कहा कि कतर में UPI से पेमेंट भारत की टेक्नोलॉजी और दोनों देशों की बढ़ती साझेदारी का उदाहरण है. इसके साथ ही ये दोनों देशों के बीच भरोसे को भी दर्शाता है. उन्होंने यूपीआई के बढ़ते दायरे के बारे में बात करते हुए कहा कि आज भारत में जहां 85% डिजिटल पेमेंट इस सिस्टम के जरिए होते हैं, तो दुनियाभर में करीब 50% डिजिटल पेमेंट भी यूपीआई से हो रहे हैं.  कतर नेशनल बैंक (QNB) ने नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया यानी एनपीसीआई के साथ साझेदारी में अपने मर्चेंट क्लाइंट्स के लिए पॉइंट-ऑफ-सेल टर्मिनलों पर QR कोड-आधारित यूपीआई पेमेंट की सर्विस शुरू की है. कतर में LuLu आउटलेट्स पर अब भारतीय पेमेंट सिस्टम के जरिए लेन-देन स्वीकार किए जाने के साथ, भारत से आने वाले पर्यटक आसान और अधिक सुविधाजनक डिजिटल भुगतान का आनंद कतर में भी ले सकते हैं, जिससे नकदी ले जाने या मुद्रा विनिमय का प्रबंधन करने की आवश्यकता कम हो जाती है. भारत दुनिया में सबसे तेज अर्थव्यवस्था लुलु रिटेल के ग्रुप डायरेक्टर मोहम्मद अल्ताफ ने कहा कि दुनिया की वर्तमान भू-राजनीतिक और आर्थिक स्थिति को देखते हुए, कतर और भारत के बीच संबंध बहुत खास हैं. कतर ने विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है, इसके पास एक विश्व स्तरीय हवाई अड्डा और एक ओपन मार्केट भी है, जिसमें भारतीय कंपनियों का भी स्वागत है. भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और भारत-कतर के बीच बहुत अच्छा तालमेल है. यह एक पारंपरिक, लेन-देन वाला व्यावसायिक संबंध है, और दोनों देश इसे आगे ले जाना चाहते हैं. द्विपक्षीय व्यापार संबंध बढ़ाने पर जोर एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दोहा में यूपीआई लॉन्च करने के साथ ही केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कतर के वाणिज्य-उद्योग मंत्री महामहिम शेख फैसल बिन थानी बिन फैसल अल थानी के साथ एक बैठक भी की. इसमें आर्थिक और वाणिज्यिक सहयोग पर बातचीत की गई. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इससे जुड़ी जानकारी शेयर करते हुए पीयूष गोयल ने बताया, 'दोनों पक्षों ने मजबूत द्विपक्षीय व्यापार के आधार पर भारत-कतर साझेदारी को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.'