Bhopal News: कलेक्टर ने कार्बाइड गन से घायल बच्चों का जाना हाल, की आर्थिक सहायता भी
Bhopal Collector inquires about condition of children injured by carbide gun भोपाल। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने हमीदिया अस्पताल पहुँचकर उपचाररत व्यक्तियों एवं बच्चों का हाल-चाल जाना। सिंह ने डॉक्टरों से बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा भी की। इस दौरान उन्होंने सभी को रेड क्रॉस के माध्यम से ₹5000 प्रति व्यक्ति की आर्थिक सहायता मौके पर ही उपलब्ध कराई। बिक्री की जांच और कार्यवाही दीपावली उत्सव के मद्देनज़र भोपाल जिले में सुरक्षा और स्वास्थ्य के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए गए। 9 अक्टूबर को कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में दल गठित कर 1500 किलो, 500 किलो तथा 50 किलो के स्थाई एवं अस्थाई दुकानों में प्रतिबंधित पटाखों एवं कार्बाइड गन की बिक्री की जांच और कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे। साथ ही, अस्पतालों को भी संभावित दुर्घटनाओं के मद्देनज़र बेड रिजर्व रखने के निर्देश दिए गए थे। 55 कार्बाइड गन जब्त दल ने आतिशबाजी दुकानों के निरीक्षण के दौरान आनंद नगर, निशातपुरा, छोला, बैरसिया एवं अन्य क्षेत्रों में 55 कार्बाइड गन जब्त की गईं, जिन पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। दीपावली के पूर्व यह कार्रवाई की जाने के बावजूद जिले एवं आसपास के क्षेत्रों में 186 नेत्र चोट (Eye Injury) के प्रकरण विभिन्न अस्पतालों में दर्ज किए गए, जिनका विधिवत उपचार किया गया। इनमें 15 लोगों का सर्जिकल इलाज किया गया है, जबकि 10 प्रकरण ऐसे हैं जिनमें गंभीर रूप से नेत्रों को क्षति पहुँची है, जिनका उपचार जारी है। रोक लगाने के लिए धारा 163 भोपाल जिले में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से ग्यारस, नववर्ष एवं विवाह समारोहों में आतिशबाजी के दौरान कार्बाइड गन के प्रयोग पर रोक लगाने के लिए धारा 163 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।साथ ही, समस्त अनुविभागीय अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर ऐसी गनों की जप्ती के निर्देश दिए गए हैं।