AVBP: : VIT भोपाल में भोजन-पेयजल संकट, प्रदेश में पुतला दहन
AVBP Food and drinking water crisis in VIT Bhopal effigy burning in the state भोपाल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार तथा निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग को VIT भोपाल में भोजन एवं पेयजल व्यवस्था से उत्पन्न गंभीर स्वास्थ्य संकट को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के उपरांत शासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है। छात्रों का आरोप VIT भोपाल परिसर में पिछले कई दिनों से गुणवत्ताहीन भोजन और प्रदूषित पेयजल के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की तबीयत बिगड़ने की शिकायतें सामने आ रही थीं। छात्रों का आरोप है कि समस्या की शिकायत करने के बावजूद संस्थान प्रशासन द्वारा कोई समाधान नहीं किया गया, बल्कि विषय को दबाने और दबाव बनाने का प्रयास किया गया। बीती रात छात्र परिसर से बाहर आकर गंभीर और आक्रोशपूर्ण विरोध करने को मजबूर हुए। जोरदार प्रदर्शन अभाविप कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में पूरे प्रदेश में VIT प्रशासन के पुतले दहन किए, जिसमें भोपाल के महाराणा प्रताप चौराहे सहित विभिन्न जिलों में जोरदार प्रदर्शन हुआ। परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा मामला अत्यंत गंभीर है और किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य है। दोषियों पर कार्रवाई अभाविप ने मांग की है कि VIT में भोजन एवं पेयजल व्यवस्था की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा छात्रों की शिकायतों का निष्पक्ष संज्ञान लिया जाए। परिषद ने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यक कदम शीघ्र नहीं उठाए जाते हैं तो अभाविप व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी। रवैया बर्दाश्त नहीं अभाविप मध्यप्रदेश प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यार्थियों के साथ तानाशाही रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय में देशभर से विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, ऐसे में प्रशासन की लापरवाही अत्यंत चिंताजनक है। अभाविप छात्रों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए भविष्य में भी हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।