Public Sootr

लहर खबरों की

amit kumar

Writer News & Blogger

Rojgar Mela: युवाओं को नियुक्ति पत्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

Rojgar Mela

Rojgar Mela Appointment letters to youth Prime Minister Narendra Modi congratulated भोपाल।  डाक विभाग, भारत सरकार द्वारा आज 17वें “रोजगार मेला” का आयोजन किया गया। इस मेले में विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों जैसे डाक विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, एम्स, गृह विभाग जैसे विभागों एवं केंद्र सरकार के विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों के लिए देशभर में चयनित 51 हज़ार से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर भोपाल में आयोजित इस मेले में विभिन्न केंद्रीय विभागों और उपक्रमों के 248 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। नियुक्ति नहीं बल्कि देश सेवा भोपाल सहित 40 शहरों में आयोजित इस मेले का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभ्यर्थियों और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि ‘यह नियुक्ति नहीं बल्कि देश सेवा करने का अवसर है। उन्होने आशा व्यक्त की कि आप ईमानदारी तथा ‘नागरिक देवो भवः’ के लक्ष्य को ध्यान में रखकर कार्य करेंगे तथा विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान में भारत विश्व में सबसे बड़ा युवा देश है और इन मेलों के माध्यम से अब तक लगभग 11 लाख से अधिक युवाओं को भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में रोजगार प्रदान किया गया है। विभाग का नाम ऊँचा करें इस अवसर पर आलोक शर्मा सांसद, भोपाल संसदीय क्षेत्र;  मालती राय महापौर नगर निगम भोपाल; रामेश्वर शर्मा विधायक, हुज़ूर भोपाल; भगवनदास सबनानी विधायक भोपाल दक्षिण पश्चिम भी उपस्थित थे। आलोक शर्मा सांसद, भोपाल संसदीय क्षेत्र ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ‘यह रोजगार मेला प्रधानमंत्री जी के दूरदृष्टि का परिणाम है। नवनियुक्त कर्मचारी ईमानदारी से कार्य करें और अपने विभाग का नाम ऊँचा करें। मनोयोग से जनता की सेवा इससे पूर्व सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए पोस्टमास्टर जनरल ब्रजेश कुमार ने कहा कि आज अभ्यर्थियों को जिन विभागो में सेवा हेतु नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे है वे सभी विभाग जनसेवा से सीधे जुड़े हुए विभाग है और अभ्यर्थियों को सीधे जनता की सेवा करने का अवसर मिलेगा, अतः मेरा अनुरोध है कि आप सभी पूरे मनोयोग से जनता की सेवा करें। अंत में पवन कुमार डालमिया, निदेशक डाक सेवाएं के धन्यवाद प्रस्ताव के पश्चात मेला सम्पन्न हुआ ।

केन्द्रीय मंत्रि-मंडल ने मध्यप्रदेश सहित 4 राज्यों की रेलवे मल्टी-ट्रेकिंग परियोजनाओं को दी मंजूरी

प्रधानमंत्री मोदी का मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माना आभार भोपाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय मंत्रि-मंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने मध्यप्रदेश सहित 4 राज्यों के 18 जिलों में रेलवे की 4 मल्टी-ट्रेकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी है। मध्यप्रदेश को मिली इस सौगात के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार मानते हुए धन्यवाद किया है। पीएम-गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत तैयार इन परियोजनाओं का उद्देश्य एकीकृत योजना और हितधारक परामर्श द्वारा मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक दक्षता बढ़ाना है। ये परियोजनाएं नागरिकों, वस्तुओं और सेवाओं को निर्बाध संपर्क प्रदान करेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रेलवे लाइन क्षमता में बढ़ोत्‍तरी से गतिशीलता बढ़ेगी जिससे भारतीय रेलवे की परिचालन दक्षता और सेवा विश्वसनीयता में सुधार होगा। मल्टी-ट्रेकिंग (पटरियों की संख्या बढ़ाना) से रेल परिचालन सुगम होगा और यात्रियों को सुविधा होगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नए भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों का व्यापक विकास होगा, वे आत्मनिर्भर बनेंगे और उनके लिए रोज़गार/स्वरोज़गार के अवसर बढ़ेंगे। केन्द्रीय मंत्रि-मंडल समिति ने मध्यप्रदेश में 237 किलोमीटर लंबी इटारसी-भोपाल-बीना चौथी लाइन को और गुजरात एवं मध्यप्रदेश के बीच 259 किलोमीटर लंबी बढ़ोदरा-रतलाम, तीसरी और चौथी लाइन को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में वर्धा-भुसावल के बीच 314 किलोमीटर लंबी तीसरी और चौथी लाइन को तथा महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में 84 किलोमीटर लंबी गोंदिया-डोंगरगढ़ चौथी लाइन को मंजूरी दी गई है। कुल 24 हजार 634 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली ये परियोजनाएं 2030-31 तक पूरी होंगी। स्वीकृत मल्टी-ट्रेकिंग परियोजनाओं से लगभग 3 हजार 633 गांवों, जिनकी जनसंख्या लगभग 85 लाख 84 हजार है तथा 2 आकांक्षी जिलों विदिशा और राजनांदगांव तक संपर्क बढ़ेगा। मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ राज्यों के 18 जिलों में व्‍याप्‍त इन चार परियोजनाओं से भारतीय रेलवे के मौजूदा नेटवर्क में लगभग 894 किलोमीटर की वृद्धि होगी। मध्यप्रदेश में परियोजना खंड सांची, सतपुड़ा बाघ अभयारण्य, प्रागैतिहासिक मानव जीवन के प्रमाणों और प्राचीन शैल चित्रकला के लिए प्रसिद्ध भीमबेटका शैलाश्रय, हज़ारा जलप्रपात, नवेगांव राष्ट्रीय उद्यान आदि प्रमुख स्थलों को भी रेल संपर्क प्रदान करेगा, जो देश भर के पर्यटकों को आकर्षित करेगा। यह कोयला, कंटेनर, सीमेंट, फ्लाई ऐश, खाद्यान्न, इस्पात आदि वस्तुओं के परिवहन के लिए भी आवश्यक मार्ग है। पटरियों की संख्या बढ़ाए जाने से प्रति वर्ष 78 मिलियन टन की अतिरिक्त माल ढुलाई होगी। रेलवे के पर्यावरण अनुकूल और ऊर्जा कुशल परिवहन देश के जलवायु लक्ष्यों और परिचालन लागत को कम करने, तेल आयात (28 करोड़ लीटर) में कमी लाने और कार्बन उत्सर्जन 139 करोड़ किलोग्राम कम करने में मदद करेगा जो 6 करोड़ वृक्षारोपण के बराबर है।