नर्मदापुरम ! बुधवार को रेवा सभाकक्ष में भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल की बैठक कलेक्टर सोनिया मीना की मौजूदगी में हुई।बैठक में जिले के कृषि, सिंचाई, विद्युत, सहकारिता सहित सभी किसान हितैषी विभागों के अधिकारी भी शामिल हुए। संघ के संभागीय प्रचार-प्रसार प्रमुख उदयकुमार पांडेय ने बताया कि यह बैठक हाल ही में हुए किसान आंदोलन के बाद प्रशासन के साथ पहली संयुक्त चर्चा थी। इसमें पूर्व में सौंपे गए ज्ञापनों के बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों से जवाब मांगा गया। संघ के प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला मंत्री शंकरसिंह पटेल ने कहा कि जिले में खाद की स्थिति अब भी ठीक नहीं है। पदाधिकारियों ने रबी सीजन में किसानों को 10 घंटे सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली देने, ट्रांसफार्मर बदलने, सोयाबीन फसल का बीमा कंपनियों से तत्काल सर्वे कराने की मांग की। सिंचाई विभाग से मांग की कि 1 नवंबर से सिंचाई के लिए पानी छोड़ा जाए। पानी छोड़ने से पहले सभी माइनरों की सफाई कराई जाए। कलेक्टर सोनिया मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण, बिजली आपूर्ति, नहरों की सफाई और फसल नुकसान के सर्वे की कार्यवाही जल्द पूरी की जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर राजीव रंजन पांडेय, डीडीए जेआर हेडाऊ, संघ के संभागीय मंत्री देवेन्द्र पटेल, प्रचार-प्रसार प्रमुख उदय पांडेय,जिला मंत्री शंकरसिंह पटेल, सहमंत्री रजत दुबे, संभागीय मंगलसिंह प्रवक्ता शिवमोहन सिंह, राजपूत, ब्रजेश लखनलाल चौधरी, राजपूत, गुलाब लौवंशी, राजकुमार राजपूत, सूर्यांश रघुवंशी, श्यामशरण तिवारी, राजेश दीवान, गोपाल मीणा, इंद्रपुरी गोस्वामी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।












