Thakur Harishchandra Singh Music Festival at Ravindra Bhavan
भोपाल। रवींद्र भवन के अंजनी सभागार में 24 अक्टूबर को ठाकुर हरिश्चंद्र सिंह संगीत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। ठाकुर हरिश्चंद्र सिंह संगीत कला समिति, भोपाल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गीत, संगीत की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम के संयोजक उदय प्रताप सिंह एवं अंशुल प्रताप सिंह ने बताया कि समारोह का शुभारंभ बाल कलाकारों की प्रस्तुति से होगा। लवी देशमुख (बैतूल) शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगी, वहीं रेवा भदौरिया (इंदौर) वायलिन वादन करेंगी। तबले पर यशवी देशमुख संगत देंगी।
विभूतियों का सम्मान
बाल कलाकारों की यह प्रस्तुति संगीत परंपरा के उज्जवल भविष्य की झलक पेश करेगी। इसके उपरांत सम्मान समारोह में भारतीय शास्त्रीय संगीत की विभूतियों पद्मश्री पंडित उमाकांत गुंदेचा, अनंत गुंदेचा, पंडित अखिलेश गुंदेचा, पंडित अनूप शर्मा और पंडित गौतम काले को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य प्रस्तुतियों में पंडित ईमान दास (बैंगलोर) का शास्त्रीय गायन और सत्येंद्र सिंह सोलंकी का संतूर वादन शामिल रहेगा, जिसमें तबले पर अंशुल प्रताप सिंह संगत देंगे। समापन में पद्मश्री उमाकांत गुंदेचा और अनंत गुंदेचा का ध्रुपद गायन वातावरण को आध्यात्मिक माधुर्य से भर देगा। इस अवसर पर वरिष्ठ तबला वादक पंडित किरण देशपांडे, प्रकाश सिंह ठाकुर और उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम शाम 6 बजे से प्रारंभ होगा।













