Public Sootr

लहर खबरों की

Public Sootr

Writer News & Blogger

MP DaK Vibhag: राज्य स्तरीय फिलेटेली प्रदर्शनी ‘मेपेक्स 2025’, विजेताओं को पुरस्कार

MP DaK Vibhag:

MP DaK Vibhag State Level Philately Exhibition Mapex 2025 Awards to Winners

भोपाल। मध्य प्रदेश डाक परिमंडल द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय फिलेटेली प्रदर्शनी ‘मेपेक्स 2025’ का समापन समारोह बड़े उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विश्वास कैलाश सारंग सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनीत माथुर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मध्य प्रदेश डाक परिमंडल, भोपाल ने की। विशेष अतिथि के रूप में डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी कुलाधिपति, (SGSU) और को-डायरेक्टर (विश्वरंग) उपस्थित थे।


सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने इस अवसर पर कहा कि “इस प्रकार के आयोजन युवा पीढ़ी में नव-रुझान जगाते हैं तथा इतिहास, संस्कृति और नवप्रवर्तन को जोड़ने का माध्यम बनते हैं।” उन्होने कहा कि यह केवल एक प्रदर्शनी ही नहीं है बल्कि इस प्रदर्शनी मे डाक टिकटों के माध्यम से देश व प्रदेश के विकास को अच्छे से प्रदर्शित किया गया है। मुझे खुशी है कि इस प्रदर्शनी में बड़ी मात्रा में बच्चों ने भाग लिया। उन्होने आगे कहा कि पहले डाक विभाग केवल पत्र बाँटता था परंतु अब डाक विभाग दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में कई प्रकार की सेवाएं दे रहा है।

डाक टिकटों का प्रदर्शन


पोस्टमास्टर जनरल विनीत माथुर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों के लिए यह प्रदर्शनी काफी ज्ञानवर्धक रही। इस प्रदर्शनी में 25000 से अधिक डाक टिकटों का प्रदर्शन किया गया है तथा विभिन्न श्रेणियों की 84 से अधिक प्रविष्टियों को पुरस्कृत किया जा रहा है। इस अवसर पर पुरस्कार प्राप्त करने वाले विजेताओं को हार्दिक बधाई दी। इसके पूर्व प्रथम सत्र में शुभरंजन सेन प्रधान मुख्य वनसंरक्षक, भोपाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

पुस्तकों का विमोचन

पीपुल्स ग्रुप एवं पीपुल्स यूनिवर्सिटी पर विशेष आवरण का इस अवसर पर विमोचन किया गया। इसके साथ ही स्टैम्प डिज़ाइन प्रतियोगिता, खत पर वार्ता और कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर ओम पटौदी एवं उमेश कुमार नीमा वरिष्ठ फिलेटेलिस्ट की पुस्तकों का विमोचन किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न श्रेणियों में समीर भदोरीया, अरुण बिंदल, हेमंत कुमार जैन, आलोक खादीवाला, पदमिनी शर्मा, वृन्दा नायडू तथा देविका खरे को मेडल प्रदान किए गए। महेश चन्द्र शर्मा को ट्रेडीशनल फिलेटेली में गोल्ड प्लस सीपीएमजी ट्रॉफी से नवाजा गया।

भावनाओं से भरी चि‌ट्ठियाँ


प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक आयोजन किए गए जिसका सभी दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। इन आयोजनो में स्मिता नामदेव एवं राहुल्य शर्मा का सितार वदन, सुरेखा कामले का ध्रुपद गायन, महेश मालिक व ऋषभ मालिक की वायलिन वादन पर प्रस्तुति ने सदन की तारीफ बटोरी। “भावनाओं से भरी चि‌ट्ठियाँ कहाँ खो गई है” विषय पर संजय श्रीवास्तव द्वारा मनमोहक सोलो प्रस्तुति दी गई। प्रदर्शनी के दौरान आकर्षण का मुख्य केंद्र मस्कट “डाक सिंग” रहा जिसके साथ सेलफ़ी हेतु दर्शकों की होड़ लगी रही। इस अवसर पर शाहनवाज़ आलम महाप्रबंधक वित्त, पवन कुमार डालमिया निदेशक डालमिया जूरी मेंबर प्रतिसाद नवगाँवकर तथा राजेश पहाडिया उपस्थित थे।

Loading spinner

Leave a Comment